जोधपुर: भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का कहना है कि कांग्रेस सत्ता से हटते ही मानसिक रूप विचलित हो जाती है, सत्ता हटते ही वे सब भूल जाते हैं. उन्हें नैतिक प्रशिक्षण की जरूरत है. शनिवार को जोधपुर आए पूनिया ने विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों द्वारा हंगामा किए जाने के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पुरानी पार्टी है, अभी भी लोकतंत्र के बारे में बहुत कुछ सीखना है. उन्हे विपक्ष की भूमिका निभाना नहीं आता, इसके लिए उनका नेतृत्व दोषी है.
वोट चोरी के आरोपों पर सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस के पेट में बड़ा दर्द है, जो कभी नहीं मिटेगा. कांग्रेस को हर स्तर पर नकारा जा चुका है. यह बहुत दुखद है कि वे वोट चोरी जैसे शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है. यह बयान देकर लोगों को याद दिलाया गया है कांग्रेस खुद वोट चोर है. वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस उन घुसपैठियों की पैरवी करती है जिनको वोटर बनाया जाता है और जिसके बाद वे देश के संसाधानों को दुरुपयोग करते हैं. इस मुद्दे पर कांग्रेस खुद घिरती जा रही है. कांग्रेस उनके वोट बैंक पर पड़ी चोट से तिलमिलाई हुई है.
उन्होंने कहा कि जीएसटी शुरू होने साथ ही कहा गया था कि सुधारों की संभावना है. सभी राज्य सरकारों ने मिलकर सुधार किए हैं. यह क्रांतिकारी परिवर्तन है. पीएम की घोषणा लागू हो रही है. इससे हर वर्ग को ताकत मिलेगी. पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पूनिया शनिवार को जोधपुर में पूर्व सांसद कर्नल सोनाराम को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित सभा में शामिल हुए. उनके साथ सांसद पीपी चौधरी, पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह भी थे. श्रद्धांजलि देने के बाद वे जयपुर के लिए निकले.




















