झालावाड़: जिला पुलिस का अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन जारी है. यहां पुलिस ने जिले के बड़े मादक पदार्थ तस्कर पप्पू तंवर उर्फ टोल की अवैध संपत्ति को वन विभाग की टीम के साथ मिलकर जमींदोज कर दिया. बिल्डिंग को जमींदोज करते समय भारी पुलिस बल मौजूद रहा. पप्पू तंवर उर्फ टोल महुआखोह का निवासी है, जिसकी ओर से घाटोली सरहद क्षेत्र के मानपुरा में करीब 2 करोड़ रुपए लागत से आलीशान फार्महाउस का निर्माण किया जा रहा था. यह निर्माण वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा करके किया जा रहा था, जिस पर वन विभाग ने आज बुलडोजर चला दिया.
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि नशा तस्कर पप्पू तंवर उर्फ टोल के खिलाफ विभिन्न थानों में सात प्रकरण दर्ज है, जिसमें से पांच प्रकरण मादक पदार्थ तस्करी के हैं. आरोपी पप्पू तंवर उर्फ टोल पर मादक पदार्थ निर्माण, परिवहन और खरीद फरोख्त के प्रकरण दर्ज हैं. मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित धन से ही पप्पू तंवर की ओर से वन विभाग की भूमि पर कब्जा कर करीब 2 करोड़ रुपए लागत से आलीशान फार्महाउस निर्माण किया जा रहा था.
अकलेरा डीएसपी के नेतृत्व और असनावर, अकलेरा तथा भालता थाना पुलिस के करीब 60 जवानों की मौजूदगी में रविवार को वन विभाग ने यह बड़ी कार्रवाई की है. मादक पदार्थ तस्करों की अवैध संपत्ति को जमींदोज करने की झालावाड़ जिले में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है. गौरतलब है कि झालावाड़ पुलिस की ओर से अवैध मादक पदार्थ तस्करी के परिवहन, उनकी खरीद-फरोख्त और निर्माण करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की ओर से नशा तस्करी करने वाले लोगों की अवैध संपत्ति की जानकारी जुटा कर उन्हें जमींदोज करने का कार्य किया जा रहा है.




















