झालावाड़ : जिला पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन जारी है. जिले भर में तस्करों के खिलाफ अभियान चला कर की जारी कार्रवाई के बाद तस्करों में हड़कंप मचा है. पुलिस नशा माफिया की गिरफ्तारी के साथ उनकी अवैध संपत्तियों को भी चिन्हित कर नेस्तोनाबूद करने में लगी हुई है. इसी के तहत गत दिनों डग थाना क्षेत्र में पकड़ी गई नशे की खेप में गिरफ्तार आरोपी दो सगे भाइयों आजाद और रईस के मकान के अवैध निर्माण को पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बीते दिनों डग थाना पुलिस की ओर से ओडिशा से ट्रक में तस्करी कर लाया गया. 103 किलो मादक पदार्थ गांजा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ के दौरान उन्होंने मादक पदार्थ गांजा झालरापाटन निवासी रईस और आजाद को सप्लाई करना बताया था. इसके बाद पुलिस ने बड़े नशा माफिया रईस और आजाद को गिरफ्तार किया था. लंबे समय से नशा तस्करी में लिप्त सगे भाई आजाद और रईस की पुलिस ने झालरापाटन की सड़कों पर तस्दीक परेड भी कराई थी. फिलहाल दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं. झालरापाटन नगरपालिका प्रशासन ने भी अब नशा तस्कर आजाद और रईस के मकान के नियम विरुद्ध निर्माण किए हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त किया है.
गुरुवार सुबह झालरापाटन शहर में नशा माफिया के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए नगर पालिका प्रशासन सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. इनकी मौजूदगी में नगर पालिका के कार्मिकों की ओर से छेनी हथौड़े से पहले मकान की मंजिल को तोड़ा गया बाद में जेसीबी से पूरी मंजिल को मटियामेट कर दिया गया. इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी हर्षराज सिंह, तहसीलदार नरेंद्र मीणा सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा.




















