जयपुर : राजधानी जयपुर में बम की धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक बार फिर से एक निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. जयपुर के मानसरोवर इलाके में किरण पथ स्थित एक प्राइवेट स्कूल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड समय तमाम सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंची. स्कूल में मौजूद सभी बच्चों सहित स्टाफ को बाहर निकाला गया. स्कूल के चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू की गई.
एडिशनल डीसीपी साउथ ललित किशोर शर्मा के मुताबिक जयपुर के मानसरोवर इलाके में किरण पथ स्थित एक प्राइवेट स्कूल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सुबह करीब 8 बजे स्कूल की ऑफिशियल मेल आईडी पर रात को ही धमकी भरा ईमेल भेज दिया गया था, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे. स्कूल प्रशासन को ईमेल की जानकारी मिली. ईमेल में लिखा था स्कूल में बम रखा गया है और जल्दी फट जाएगा. सभी को दोपहर 2:30 बजे से पहले सुरक्षित जगह पर चले जाना चाहिए. स्कूल प्रशासन ने पुलिस को मामले की सूचना दी. पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसी मौके पर पहुंची. स्कूल बिल्डिंग से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल कर स्कूल परिसर खाली करवाया गया. बच्चों के परिजन भी बच्चों को लेने के लिए स्कूल पहुंचे. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड टीम की ओर से जांच की जा रही है.
स्कूल में बम की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम स्क्वायड, सिविल डिफेंस टीम सभी सुरक्षा एजेंसिया मौके पर पहुंची. स्कूल के अंदर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड टीम ने जांच की. हालांकि, अभी तक कहीं पर भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है. साइबर एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है. ईमेल करने वाले की भी जांच की जा रही है.
बता दें कि इससे पहले भी कई बार जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, होटल्स को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के कई मामले सामने आ चुके हैं. 26 जून को जयपुर के अस्पताल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. हालांकि, सर्च ऑपरेशन के दौरान अस्पताल में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इससे पहले एसएमएस स्टेडियम को भी बम से उड़ाने की धमकियां दी गई थी. 9 मई को जयपुर मेट्रो को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी.
अलवर मिनी सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी : वहीं, अलवर शहर के भवानी तोप सर्किल पर स्थित मिनी सचिवालय को इसी साल 6 महीने में तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी भरा ईमेल मिलने पर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही मिनी सचिवालय को खाली करा पुलिस सर्च अभियान में जुट गई है.
एडीएम सिटी बीना महावर ने बताया कि यह ईमेल चेन्नई से मुबीन व साहून के नाम से आया है. फिलहाल, पूरे मिनी सचिवालय परिसर के सर्च अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. गौरतलब है कि इससे पहले इसी साल 15 अप्रैल व 14 मई को जिला कलेक्टर की ईमेल पर मिनी सचिवालय को उड़ाने की धमकी मिली थी. हालांकि, उस दौरान मिनी सचिवालय परिसर की तलाश में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी.




















