सिरोही: जिले के आबूरोड सदर थाना क्षेत्र के खड़ात स्थित नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया. सदर थानाधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे भाटनी निवासी भगाराम (45) अपनी पत्नी नाजु (40) के साथ बाइक से आबूरोड आ रहा था.
इसी दौरान खड़ात स्थित मातादेवी कट पर एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल भगाराम को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मुर्दाघर (मोर्चरी) में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल पुलिस अज्ञात ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है. मृतक भगाराम खेती का काम करता था, जबकि उसकी पत्नी नाजु सब्जियां बेचकर परिवार का सहयोग करती थीं. उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं. सबसे बड़ा बेटा 22 वर्ष का है और छोटा बेटा 20 साल का है, दोनों ही शादीशुदा हैं. वहीं, दो बेटियां मात्र 15 और 13 वर्ष की हैं. मां-बाप की अचानक हुई मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. गांव में इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही शौक की लहर दौड़ गई.




















