बाड़मेर: राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार शिकंजा कसने के लिए बाड़मेर पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. इसी सिलसिले में शुक्रवार को पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की. इस बार पुलिस ने 2 कुख्यात तस्करों की करीब 1.27 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की. इससे पहले गुरुवार को भी कार्रवाई की गई थी, जिसके साथ बीते 2 दिनों में कुल 4 तस्करों की 3.77 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है. पुलिस का कहना है कि यह कदम मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के लिए कड़ा संदेश है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
मकान, वाहन और प्लॉट पर कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने जानकारी दी कि कार्रवाई पुलिस मुख्यालय, जयपुर और महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज के निर्देशों पर की गई, जिन अपराधियों की संपत्ति फ्रीज की गई है, वे लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे. पुलिस ने तस्कर पप्पू उर्फ नरेश कुमार पुत्र गंगाराम विश्नोई, निवासी लूणवा चारणान का मकान (कीमत 53 लाख), स्कॉर्पियो वाहन (कीमत 18 लाख) और प्लॉट (कीमत 5 लाख) जब्त किया. वहीं तस्कर श्याम सुंदर सावरिया पुत्र लाघुराम विश्नोई, निवासी सोमारड़ी का लक्ष्मीनगर बाड़मेर स्थित आवासीय भवन (कीमत 51.48 लाख) भी फ्रीज किया गया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई: एसपी मीणा ने बताया कि यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ (2) के तहत की गई है. पुलिस ने प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी और प्रशासक, एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजा था. सभी दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद आदेश जारी हुआ और उसके आधार पर बाड़मेर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की.
पुलिस का सख्त संदेश: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे का कारोबार समाज और युवाओं के भविष्य को बर्बाद करता है. ऐसे में तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई बेहद जरूरी है. पुलिस ने दो दिनों में करोड़ों की संपत्ति जब्त कर यह साफ कर दिया है कि मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आने वाले समय में भी तस्करों और अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.




















