भरतपुर: राजस्थान क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीनियर चैलेंजर ट्रॉफी में भरतपुर जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ है. जिले से एक साथ 6 खिलाड़ियों का चयन किया गया है. ये खिलाड़ी अब जयपुर में चल रही प्रतियोगिता में प्रदर्शन कर रणजी ट्रॉफी की टीम में जगह बनाने का प्रयास करेंगे.
चयनित खिलाड़ियों की सूची: जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के सचिव शत्रुघन तिवारी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों में आकाश सिंह और अनिरुद्ध सिंह टीम A में, चेतन शर्मा टीम B में, मोहित गुप्ता टीम D में, अव्यांश सिंह टीम F में और कार्तिक शर्मा टीम G में शामिल किए गए हैं. उन्होंने बताया कि जिले से पहली बार इतने खिलाड़ियों का एक साथ चयन हुआ है.
प्रतियोगिता का महत्व: सीनियर चैलेंजर ट्रॉफी जयपुर में 16 अगस्त से दो दिवसीय फॉरमैट में शुरू हुई है. राजस्थान भर के श्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुनकर 8 टीमें बनाई गई हैं. इन्हीं के प्रदर्शन के आधार पर रणजी ट्रॉफी की 16 सदस्यीय टीम तय होगी. भरतपुर के खिलाड़ियों के लिए यह राज्य की सबसे बड़ी क्रिकेट टीम में जगह बनाने का सुनहरा अवसर है.
जिले में खुशी की लहर: भरतपुर के खिलाड़ियों के चयन से जिलेभर में उत्साह का माहौल है. जिला क्रिकेट संघ के चयनकर्ता नरेश खत्री, सूरज शर्मा, लंकेश, प्रेम सिंह और पंकज गोयल ने इसे प्रतिभा की जीत बताया. संघ के अध्यक्ष विष्णु लोहिया, उपाध्यक्ष राजकुमार जैन, अजय कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव अरुण गुप्ता, कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र तिवारी समेत अन्य सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस मौके पर जिला क्रिकेट संघ कार्यालय में मिठाइयां बांटी गईं और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया गया.




















