अलवर: जिले में अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन संग्राम के तहत सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज गुमशुदा मोबाइल को ट्रेस करने में अलवर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. ऑपरेशन संग्राम के तहत 19 दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र से 123 मोबाइल बरामद कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को परिवादियों को लौटाए गए.
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन संग्राम के तहत जिले में गुमशुदा मोबाइल की लोकेशन ट्रैस कर उन्हें बरामद करने की कोशिश की जा रही थी. जिसमें अलवर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली. उन्होंने बताया कि अलवर में ऑपरेशन संग्राम शुरू होने के बाद मंगलवार तक 123 मोबाइल फोन बरामद किए गए. जिन्हें रजिस्टर्ड मोबाइल धारकों को लौटाया गया. उन्होंने बताया कि लौटाए गए मोबाइलों की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपए है. उन्होंने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत मिली थी. जिसपर करवाई कर सभी मोबाइल को बरामद किया गया. फोन मिलने से लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई.




















