चूरू: जिले में आरजीएचएस योजना में लाखों रुपए के कथित घोटाले को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज कुमार शर्मा ने दो आयुर्वेद चिकित्सकों डॉ पवन जांगिड़ और डॉ कविता धनकड़ सहित 9 लोगों के खिलाफ कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है. आरोप है कि मेडिकल स्टोर की ओर से चिकित्सकों को प्रति मरीज कमीशन दिया जाता था.
कोतवाली थाना के सीआई सुखराम चोटिया ने बताया कि सीएमएचओ डॉ मनोज शर्मा ने रिपोर्ट दी कि सरकारी अस्पताल के नाम से परामर्श पर्चियां छपवाकर उन्हें अस्पताल के बाहर स्थित मेडिकल स्टोर पर उपयोग में लाया जाता था. यहां मरीजों को दवाएं देने के लिए आरजीएचएस कार्डधारकों के ओटीपी लेकर फर्जी पर्चियां तैयार की जातीं और योजना से भुगतान उठाया जाता. कई पर्चियों पर जिन मरीजों के नाम दर्ज थे, उनका उल्लेख अस्पताल के ओपीडी रजिस्टर में नहीं पाया गया. अवकाश पर रहने वाले डॉक्टरों के नाम और सील का भी धड़ल्ले से इस्तेमाल किया गया. इतना ही नही फार्मा स्टोर संचालक नवीन शर्मा ने जांच के दौरान स्वीकार किया कि डॉ पवन जांगिड़ को प्रति मरीज कमीशन दिया जाता था और अधिकतर पर्चियां उनके और डॉ कविता धनकड़ के नाम से आती थीं.
रिकॉर्ड में यह भी सामने आया कि शिवम ड्रग्स ने आरजीएचएस योजना में 77 लाख 34 हजार रुपए की बिक्री की, जिसमें से 47 लाख 84 हजार रुपए केवल डॉ पवन जांगिड़ की पर्चियों से हुई. जनवरी 2025 से जून 2025 के बीच उनकी पर्चियों से 20 लाख 79 हजार रुपए और डॉ कविता धनकड़ की पर्चियों से 10 लाख 65 हजार रुपए की बिक्री दर्ज हुई. उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पाया गया कि डॉ पूजा रोहेला के मेडिकल और अर्जित अवकाश के दौरान उनके नाम और सील का फर्जी उपयोग कर 3 लाख 35 हजार रुपए की दवाएं जारी की गईं. एक कार्डधारक ने 53 बार विजिट कर 2 लाख 26 हजार रुपए की दवाएं लीं, जिससे लाभार्थियों की मिलीभगत की संभावना भी जताई गई.
इसके अलावा, विभागीय अनुमति के बिना नाड़ी तरंगिणी मशीन से प्रति जांच 500 रुपए वसूले गए और मरीजों को निजी आयुर्वेदिक लैब में भेजा गया. निरीक्षण के दौरान सरकारी अस्पताल की 16 बंडल परामर्श पर्चियां मेडिकल स्टोर से बरामद हुईं. इस पूरी प्रक्रिया को राजकोष को हानि पहुंचाने और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए अवैध लाभ लेने का संगठित षड्यंत्र माना है. रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने चूरू के शिवम आयुर्वेदिक ड्रग्स के दीपक, नवीन शर्मा, सुशीला शर्मा, चूरू के सरकारी आयुर्वेद अस्पताल के डॉ पवन जांगिड़, डॉ कविता धनकड़ तथा RGHS कार्ड धारक मनोज कुमार, कृष्णा देवी, महीप पूनियां और एक अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.




















