खैरथल: भिवाड़ी के टपूकड़ा में देर रात एक युवक की हत्या के बाद परिजनों ने टपूकड़ा थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया. विरोध को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने मोर्चा संभाला. तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि टपूकड़ा के दांगनहेड़ी गांव के युवक सोनू शर्मा की लाश एक प्लाट में पड़ी मिली. परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज कराया. उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई. शक के आधार पर करीब चार लोगों को डिटेन किया गया है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा.
मृतक के चाचा के लड़के महेंद्र पुत्र टेकचंद का आरोप है कि गांव के ही लोगों ने उसके भाई की हत्या कर दी. इस संबंध में टपूकड़ा थाने में चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया गया है. हालांकि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई. इसके विरोध में परिजनों ने दोपहर में थाने का घेराव किया. बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष थाने के अंदर चले गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा कर दिया.
महेंद्र ने बताया कि गत 21 अगस्त को रात करीब 9:30 बजे वह और बलजीत पुत्र रामेश्वर दयाल मोटरसाइकिल से अपने घर से पास की झोपड़ी की ओर जा रहे थे. उसी दौरान उसे बताया गया कि उनका भाई सोनू शर्मा पास के एक खाली प्लॉट में पड़ा है. सूचना मिली कि कुछ लोग सोनू के साथ शराब पी रहे थे. उसका आरोप है कि उनके बीच झगड़ा हुआ था. महेंद्र ने अपनी शिकायत में जैला उर्फ राजबीर, मक्खन, कश्मीर और रज्जाक पर हत्या का आरोप लगाते हुए टपूकड़ा पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है.




















