अलवर: खैरथल तिजारा जिले के नीमली गांव में शुक्रवार को एक प्रवासी व्यक्ति को कमरे की सफाई करते समय सांप ने डस लिया, जिसके बाद साथी व्यक्ति ने पीड़ित को तिजारा के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित व्यक्ति को अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. घटना के बाद साथी व्यक्ति ने सांप को डिब्बे में बंद कर लिया और पीड़ित के साथ सांप को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा.
पीड़ित व्यक्ति के साथी मुश्ताक ने बताया कि पीड़ित बिहार निवासी मोहम्मद सलीम (30) तिजारा में किराए पर रहता है और मजदूरी करता है. घटना के दौरान पीड़ित अपने कमरे की सफाई कर रहा था. इस दौरान बाहर से सांप अंदर आया और सफाई कर रहे सलीम को डस लिया. मुश्ताक ने बताया कि इसके बाद तुरंत सांप को पकड़कर डिब्बे में डाल दिया. पीड़ित सलीम काम की तलाश में अपने क्षेत्र बिहार से तिजारा आया था, जहां वह चिनाई मिस्त्री का काम करता है.
डॉक्टर को दिखाने के लिए लेकर आए सांप को साथ: मुश्ताक ने बताया कि उन्होंने घटना के बाद सांप को डिब्बे में बंद कर लिया और पीड़ित के साथ जिला अस्पताल सांप को लेकर आए. इसके पीछे उद्देश्य यह था कि डॉक्टर को सांप को दिखाकर यह जानकारी ली जा सके कि सांप कितना जहरीला था, जिससे कि पीड़ित सलीम के उपचार में मदद मिल सके. उन्होंने बताया कि सांप काले व भूरे रंग का है, जो करीब डेढ़ फुट की लंबाई का है.




















