जयपुर : राजधानी जयपुर में रेलवे के एक अधिकारी ने महिला वकील के खिलाफ ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया है. वहीं, महिला वकील ने भी रेलवे के अधिकारी पर दुष्कर्म करने और प्रेग्नेंट होने पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. फिलहाल, पुलिस ने दोनों की शिकायतों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने आज मंगलवार को बताया कि रेलवे अधिकारी और महिला वकील की शिकायतों पर मुकदमें दर्ज की गई है. वे खुद दोनों मामलों की जांच कर रहे हैं. उन्होंने बताया, रेलवे अधिकारी ने महिला वकील के खिलाफ कोर्ट इस्तगासे के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनका पत्नी से तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है.
पिछले साल उनके रिश्तेदार के मार्फत महिला वकील मिली थी. इस दौरान महिला वकील ने तलाक का केस छह महीने में पूरा करवाने का भरोसा दिलवाया. शादी का भी प्रस्ताव रखा और सगाई कर ली. इसके बाद इमोशनल ब्लैकमेल करते हुए रुपए की डिमांड करने लगी. पहले दो लाख रुपए लिए और फिर फ्लैट खरीदने के लिए 17.50 लाख रुपए लिए. उनका आरोप है कि मई 2025 में शादी करने से इनकार कर दिया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी.
दुष्कर्म और अबॉर्शन करवाने का आरोप : वहीं, महिला वकील ने भी रेलवे अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी से तलाक होने की बात कहकर शादी की बात चलाई थी. सगाई के बाद पता चला कि उनका तलाक का मामला कोर्ट में पेंडिंग है. अधिकारी ने कोर्ट में केस लड़ने को कहा. इस बीच मौके का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया और गर्भवती होने पर अबॉर्शन भी करवाया.




















