जयपुर: जिले के ग्रामीण क्षेत्र जोबनेर में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब एक केमिकल से भरा हुआ टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. घटना चिरनोटीयां गांव के पास हुई, जहां अचानक टैंकर पलटने से सड़क पर केमिकल का रिसाव होने लगा. हादसे के बाद आस-पास के लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और स्थिति संभालने के लिए तुरंत पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा.
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई: सूचना मिलते ही जोबनेर थानाधिकारी सुहेल खान जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा की दृष्टि से वाहनों की आवाजाही बंद करवाई. वहीं, उन्होंने उच्च अधिकारियों को भी घटना की सूचना दी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया. इसके अलावा क्रेन मंगाकर पलटे हुए टैंकर को सीधा किया गया. थानाधिकारी सुहेल खान ने बताया कि यह टैंकर कालाडेरा से केमिकल भरकर बाड़मेर की ओर जा रहा था. रास्ते में जोबनेर क्षेत्र में यह अनियंत्रित होकर पलट गया. गनीमत रही कि चालक और सह चालक दोनों सुरक्षित रहे और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई.
2 घंटे की मशक्कत के बाद हटाया गया टैंकर: हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक जोबनेर प्रियंका वैष्णव, तहसीलदार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया. लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद टैंकर को बीच सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कर दिया गया. शुरुआत में रिसाव के कारण लोगों में हड़कंप मच गया था, लेकिन जब प्रशासन ने जांच की तो पाया गया कि यह केमिकल ज्वलनशील नहीं है. ऐसे में किसी बड़े हादसे का खतरा टल गया और प्रशासन ने राहत की सांस ली. मामले की पूरी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई और एहतियातन इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.




















