धौलपुर: जिले के डांग क्षेत्र स्थित कुआंखेड़ा गांव के पास शनिवार देर शाम भैंस चराने गए किसान पर भालू और उसके बच्चों ने हमला कर दिया. चेहरे और सिर पर गंभीर चोट लगने से किसान को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आगरा रैफर कर दिया.घायल किसान की पहचान रामनिवास (55) पुत्र देवी सिंह निवासी कुआं खेड़ा के रूप में हुई है.
घायल किसान के नाती रामसेवक ने बताया कि रामनिवास रोजाना की तरह अपनी भैंसों को चराने खेत पर गए थे. भैंसों को खेतों में छोड़कर पास के हनुमान मंदिर चले गए. लौटते समय अचानक एक भालू अपने तीन-चार बच्चों के साथ सामने आ गया और उन पर हमला कर दिया.
किसान के नाती रामसेवक ने बताया कि भालू के हमले से रामनिवास की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और संघर्ष के बाद भालू और उसके बच्चों से बचाकर बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल किसान को पहले धौलपुर जिला अस्पताल लाया गया.यहां हालत नाजुक होने पर आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस और वन विभाग को भी दे दी. उधर, आगरा के निजी अस्पताल में किसान का इलाज चल रहा है. वहीं भालू के हमले से गांव में दहशत का माहौल है.




















