अलवर : जिले से निकल रहे दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 4 पुलिसकर्मी सहित 9 लोग गंभीर घायल हो गए. एक्सप्रेस वे पर दौसा की ओर जा रही दो गाड़ियों की टक्कर हो गई. घटना इतनी भयानक थी कि टक्कर मारने वाली कार आग लगने से जलकर खाक हो गई. घटना की सूचना पर एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी और दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. सभी गंभीर घायलों को पिनान चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर रेफर किया गया. यह घटना दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे के चैनल 120-500 पर हुई.
कोतवाली थाने के एएसआई इलियास खा ने बताया कि सूचना मिली कि दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक्सिडेंट हुआ है, जिसमें घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आया गया है. इस सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी जुटाई. उन्होंने बताया कि डीग पुलिस लाइन से पुलिस कर्मी दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते दौसा कैदी को लेने का रहे थे. इस दौरान अलवर से निकल रहे एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 120-500 पर पुलिस वैन के पीछे चल रही एक कार ने वैन को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार में आग की लपटें उठने लगीं. इस घटना में घायल हुए लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. एएसआई इलियास ने बताया कि घटना में एक पुलिसकर्मी विकास के सिर में ज्यादा चोट लगी है, जिसके चलते उसे जयपुर रेफर किया गया है. अन्य सभी घायलों पुलिसकर्मियों व लोगों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है.
वैन के पीछे चल रही कार के ड्राइवर ने बताया कि वह मुरादाबाद से जयपुर अपने घर जा रहे थे. एक्सप्रेसवे पर उनकी कार के ब्रेक अचानक फेल हो गए. इसके बाद आगे चलने वाली वैन से गाड़ी टकरा गई. टक्कर के बाद आंखों के आगे अंधेरा छा गया, जिससे कार कितनी बार पलटी इसका पता नहीं चला. हिम्मत कर उन्होंने कार में बैठे सभी लोगों को बाहर निकाला. फिलहाल कार जलकर राख हो गई. उन्होंने बताया कि कार में 7 लोग बैठे थे, जिसमें से 4 छोटे बच्चे थे, सभी को चोट आई है, जिनका इलाज अलवर जिला अस्पताल में जारी है.
घटना की सूचना मिलने पर पीएमओ डॉ. सुनील चौहान जिला अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से जानकारी ली. उन्होंने बताया कि घटना के बाद अलवर अस्पताल में पुलिसकर्मी व घायल लोग पहुंचे हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है. एक पुलिसकर्मी को सिर में ज्यादा चोट लगी, जिसका इलाज अलवर में संभव नहीं था, उसे जयपुर रेफर किया गया है. जिला अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ है, जो इलाज कर रहे हैं.




















