Shri dungargarh : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के तहत 50 महिलाओं का सम्मान
सशक्त महिलाओं से ही संभव है समाज का उत्थान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के तहत 50 महिलाओं का सम्मान
श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बीकानेर (श्रेयांस बैद )। नाबार्ड द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के तहत पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ में कार्यक्रम आयोजित कर राजीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 महिलाओं को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेरा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग बीकानेर प्रभारी रूबी पाल ने महिलाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

इस अवसर पर अग्रणी बैंक प्रबंधक लक्ष्मण मोडासिया ने महिलाओं को नाबार्ड के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा समूह गतिविधियों को बैंक लिंकेज के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वहीं नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक रमेश ताम्बिया ने महिला सशक्तिकरण और जेंडर संबंधी मुद्दों पर विचार रखते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से उद्यम विकास योजनाओं को बीकानेर के साथ-साथ राजस्थान के अन्य जिलों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि नाबार्ड के सहयोग से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लगभग 120 महिलाओं को मसाला उद्योग गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई गई है। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
Jaipur : एलपीजी उपभोक्ताओं को बुकिंग से संबंधित जारी नंबर
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। शक्ति सीएलएफ आडसर की कोषाध्यक्ष भंवरी कंवर ने विपरीत परिस्थितियों में अपनी बेटियों को पढ़ाकर समाज में सकारात्मक संदेश देने की बात कही। वहीं प्रगति सीएलएफ सोनियासर मीठिया की सदस्य सुमित्रा धानिया ने राजीविका समूह से जुड़कर आजीविका मजबूत होने के अनुभव साझा किए। बेटी पढ़ाओ सीएलएफ की सदस्य मोनिका सारण ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
राजीविका ब्लॉक प्रबंधन ने बताया कि भारत सरकार, नाबार्ड और राज्य सरकार के सहयोग से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं लखपति दीदी, सोलर दीदी, कृषि सखी और पशु सखी जैसी योजनाओं के माध्यम से आजीविका के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में राजीविका के ब्लॉक परियोजना प्रबंधक रघुनाथ डूडी ने सभी अतिथियों और उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ के लेखाधिकारी संदीप, पीए एमआईएस ममता शर्मा, एरिया कोऑर्डिनेटर मदन बेनीवाल, सीएलएफ अध्यक्ष गुड्डी देवी, कोषाध्यक्ष सुन्दर देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
Shri dungargarh : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के तहत 50 महिलाओं का सम्मान




















