KKC PG College राष्ट्रीय सेवा योजना का 7 दिवसीय शिविर का शुभारम्भ
केकेसी पीजी महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना(एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारम्भ हर्षोल्लास के साथ किया गया। शिविर के उद्घाटन अवसर पर एनएसएस इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि यह शिविर छात्रों को समाज की वास्तविक समस्याओं से जोड़कर उन्हें समाधान की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
एनएसएस इकाई द्वितीय के कार्यक्रम अधिकारी राजकुमार सोनी ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता,खेल कूद प्रतियोगिताएं, ग्रामीण सर्वेक्षण, नशा मुक्ति अभियान, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जन-जागरूकता रैली, योग एवं ध्यान सत्र तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इन सभी गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों में सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत किया जाएगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे शिविर की सभी गतिविधियों में पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लें तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझें। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं।
Lunkaransar : 69वीं राष्ट्रीय छात्रा कबड्डी प्रतियोगियों के लिए राजस्थान टीम महाराष्ट्र रवाना
संस्था निदेशक डॉ. किशोर सिंह ने शिविर के शुभारम्भ पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि “एनएसएस का मूल मंत्र ‘मैं नहीं, हम’ है।” उन्होंने कहा कि राष्ट्र का भविष्य युवाओं के हाथ में है और राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवा समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को सात दिवसीय शिविर को सफल बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शिविर के शुभारम्भ के साथ ही उत्साहपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।
KKC PG College राष्ट्रीय सेवा योजना का 7 दिवसीय शिविर का शुभारम्भ




















