कोटा: शहर के नांता थाना इलाके में बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की जान चली गई. टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रॉली पलटी और उन पर ही गिर गई. दोनों को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया. दोनों शव नए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. उधर, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त कर ली.
नांता थाने के हेड कांस्टेबल रामलाल ने बताया कि हादसा थर्मल के गेट नंबर 4 से आर्मी फायरिंग रेंज के बीच में हुआ. खाली ट्रैक्टर ट्रॉली कोटा से हाईवे की तरफ जा रही थी और विपरीत साइड से बाइक सवार आ रहे थे. इसी दौरान अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी और उन पर पलट गई. बाइक सवारों को बड़ी मुश्किल से ट्रॉली के नीचे से निकाला. मौके पर पुलिस पहुंची. एंबुलेंस से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल पहुंचाया, जहां साजिदेहड़ा के साहिल खान (42) और नयापुरा इस्माइल चौक के रफीक (52) को मृत घोषित कर दिया. नांता थाना अधिकारी नवल किशोर शर्मा का कहना है कि ट्रैक्टर के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है. इसमें एक दो सीमेंट के कट्टे थे.यह संभावना जताई जा रही है कि यह आसपास के गांव के किसी किसान का ही ट्रैक्टर है.
टायर देखने गए थे: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष साहिल मिर्जा ने बताया कि दोनों मृतक गरीब परिवार से थे. टायर रीमोल्डिंग कार्य से जुड़े थे. ये पुराने टायर देखने डाबी गए थे. कोटा लौटते समय हादसा हो गया. हादसे में मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. घर में मातम छा गया है.




















