डीग: जिले के कामां उपखंड के साहुन गांव में एक 10 साल के बच्चे की अचानक मौत हो गई. घटना टायरा मोड़ अनाज मंडी के सामने की है. पीड़ित बच्चा स्कूल बस में चढ़ने के तुरंत बाद अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गया. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक दानिश के परिजनों ने बताया कि उसे दौरे पड़ते थे. दानिश गांव के एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था.
ताऊ महमूद ने बताया कि सुबह आठ बजे स्कूल बस उसे लेने आई. वह तैयार होकर स्कूल जाने के लिए निकला. घर के बाहर ही स्कूल बस खड़ी थी और आस-पड़ोस के लोग भी मौजूद थे, जैसे ही दानिश बस में चढ़ा, वह अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गया. लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे पहले एक निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया. वहां से डॉक्टर ने उसे तत्काल कामां अस्पताल ले जाने की सलाह दी. कामां अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ताऊ ने बताया पहले आए थे चक्करः ताऊ महमूद ने बताया कि डेढ़ साल पहले भी दानिश को चक्कर आए थे. उस समय डॉक्टर को दिखाया था. डॉक्टर ने दानिश की बॉडी में इन्फेक्शन बताया था. इसके बाद इलाज चला. उन्होंने बताया कि गुरुवार को उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई. बस में दानिश के साथ उसकी बहनें गुलशिता, मनकशा, कहकशा और सदक भी थी. ताऊ ने अंदेशा जताया है कि दानिश की हार्ट अटैक से मौत हुई है. दानिश के पिता साहुन कामां पंचायत समिति के सदस्य हैं. उनका कंस्ट्रक्शन का बिजनेस है. साहुन के 6 बच्चे हैं, जिनमें दानिश की मौत हो गई है, बाकी पांच लड़कियां हैं.
डॉक्टर बोले, बिना पोस्टमार्टम ले गए बच्चाः कामां अस्पताल के डॉक्टर बीएस सोनी ने बताया कि परिवार सुबह एक बच्चे को अस्पताल लेकर आया था, लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी. मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. पोस्टमॉर्टम के बाद ही कारणों का स्पष्ट तौर पर पता लग सकता था, लेकिन बच्चे के परिजन बिना पोस्टमॉर्टम करवाए शव को घर ले गए.




















