बीकानेर : कांग्रेस की ओर से पूरे देश में चलाए जा रहे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत गुरुवार को बीकानेर पहुंचे यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया. उदय भानु चिब ने कहा कि वोट चोरी एक गंभीर मुद्दा है और राहुल गांधी ने एक सही मुद्दा उठाते हुए लोगों की पीड़ा को साझा किया है. सरकार को सब पता है, चुनाव आयोग को सब पता है.
नहीं सुन रहे आवाज : उन्होंने कहा कि लगातार हम आवाज उठा रहे हैं कि टैक्स की मार, बेरोजगारी को दूर करो, लेकिन यह लोग इस पर ध्यान नहीं देते. इन्हें पता है कि ‘वोट चोरी’ करके इन्होंने सरकार बनाई है और टैक्स की मार और वोट की चोरी और बेरोजगारी से इनका कोई सरोकार नहीं है. सरकार में आने के लिए इन्हें वोट की नहीं बल्कि ‘वोट चोरी’ की जरूरत है, इसलिए यह जनता की आवाज को नहीं सुन रहे हैं. यह जानते हैं कि फिर से ‘वोट चोरी’ करके सरकार बना लेंगे, लेकिन इस बार यूथ कांग्रेस का कार्यकर्ता इन्हें रोकेगा और वोट की चोरी नहीं करने देगा.
बैक डोर एंट्री : चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि विपक्ष के नेता और CJI की कमेटी के बिना ही चुनाव आयोग के सदस्यों की नियुक्ति हो गई. आरोप लगाया कि बैक डोर से हुई एंट्री के बाद अब चुनाव आयोग पिट्ठू के रूप में काम कर रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग खुद वोट चोरी करवा रहा है, इसलिए जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. देश का संविधान वोट की ताकत से है और वोट चोरी चुनाव से भी बड़ा मुद्दा है.
पार्टी के भीतर लोकतंत्र : कांग्रेस के अग्रिम संगठनों में यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई में चुनाव प्रक्रिया से पदाधिकारी बनने से पार्टी को होने वाले नुकसान के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है और यह बहुत अच्छी बात है. खुद का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र के चलते ही वह आज इस पद पर हैं और अगर केवल मनोनयन होता तो उनका नंबर नहीं आता. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच के चलते कई साथी आज सांसद, विधायक, मंत्री बन चुके हैं. राहुल गांधी की यह सोच है कि जिसमें क्षमता है वह आगे बढ़े और उसके लिए किसी भी नेता के परिवार से होना जरूरी नहीं है. इससे पहले नाल एयरपोर्ट पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उदय भानु का स्वागत किया और रविंद्र रंगमंच के रास्ते में कई जगह उनका स्वागत हुआ.




















