बाड़मेर : राजस्थान के बाड़मेर जिले के चौहटन थाने में शिकायत लेकर पहुंचे एक परिवार के साथ मारपीट के आरोपों के बाद अब थानाधिकारी पर गाज गिरी है. एसपी ने इस मामले चौहटन थानाधिकारी राजूराम को लाइन हाजिर कर दिया है. इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने जिला कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करके न्याय की गुहार लगाई थी. एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने आदेश जारी कर चौहटन थानाधिकारी राजुराम लाइन हाजिर करते हुए मुख्यालय बाड़मेर किया है. आदेश में बताया गया है कि चौहटन थानाधिकारी राजुराम के विरुद्ध गंभीर आरोपों की प्राथमिक जांच विचाराधीन होने से लाइन हाजिर किया गया है.
पीड़ित गौतम सेठिया के अनुसार 12 सितंबर को उनके पड़ोसी की ओर से मकान पर दीवार बनाई जा रही थी. इस बात को लेकर विवाद हुआ था. वो अपने परिवार के सदस्यों के साथ चौहटन थाने में शिकायत दर्ज करने गया था. गौतम का आरोप है कि थानाधिकारी ने उनके साथ अशोभनीय व्यवहार करते हुए मारपीट की. पुलिस ने उनका मेडिकल नहीं करवाया. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की.
पीड़ित परिवार और जैन समाज के लोगों ने मंगलवार को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर हाथों में तख्तियां लेकर मौन जुलूस निकालकर कलेक्टर कार्यालय के आगे धरना प्रदर्शन किया. इसके बाद समाज के प्रतिनिधि मंडल के साथ पीड़ित परिवार ने जिला कलेक्टर टीना डाबी से मुलाकात करते हुए ज्ञापन सौंपा. इस दौरान पीड़ित युवती ने अपने साथ हुए घटनाक्रम को बताया. युवती भावुक हो गई और फफक-फफककर कलेक्टर टीना डाबी के सामने रो पड़ी. कलेक्टर ने युवती को इस मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया था. इस मामले को लेकर अब एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने एक्शन लेते हुए चौहटन थानाधिकारी राजूराम को लाइन हाजिर कर दिया है.




















