कोटा : प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर कोटा दौरे पर आए हुए हैं. उन्होंने गुरुवार को कोटा शहर के सूरज पोल स्थित पीएम श्री बालिका स्कूल श्रीपुरा, चित्तौड़ा का नोहरा बृजराजपुरा और महावीर नगर थर्ड स्कूल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्कूल में मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए टीचर्स को देखा. इस पर वह नाराज हुए और उन्होंने टीचर्स के मोबाइल जब्त कर लिए और चीफ ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (सीबीईओ) पवित्रा त्रिपाठी को दे दिए. दिलावर ने फोन पर बात करते मिले टीचर पर नाराजगी जताई और उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए हैं.
दिलावर का कहना है कि पहले ही निर्देश जारी कर चुके हैं कि टीचर्स स्कूल में पढ़ाई करते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करेंगे. मोबाइल को प्रिंसिपल के पास जमा करा देंगे. इसके बावजूद इस तरह से फोन इस्तेमाल करते कई शिक्षक नजर आ रहे हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई भी करवाई जाएगी. इस निरीक्षण के बाद एक प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस दिया गया है.
कोटा की सीबीईओ पवित्रा त्रिपाठी का कहना है कि क्लास में ही मोबाइल पर बात करते हुए टीचर का फोटो खींचकर लेकर आए हैं. इसके बाद उनके संबंध में जानकारी लेकर उन्हें सस्पेंड किया जाएगा. दूसरी तरफ स्कूलों में टीचर्स कई जगह पर मोबाइल का उपयोग कर रहे थे. कई जगह पर पेरेंट्स टीचर मीटिंग बुधवार को की जानी थी, वह नहीं हुई. ऐसे ही मामले में महावीर नगर थर्ड स्कूल की प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस दिया गया है.
इन चार स्कूलों में यह मिली खामियां
- सूरजपोल स्कूल में चार टीचर्स के पास मोबाइल थे, जबकि उपयोग का उन्हें मना किया हुआ था. स्कूल में टीचर क्लास में पढ़ा रहे थे, लेकिन उनकी जेब में मोबाइल था. उनके मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं.
- श्रीपुरा स्कूल बहुत बेहतर था. कई बड़े स्कूलों के बराबर की वहां पर सुविधा थी और पढ़ाई का भी अच्छा माहौल था. वहां पर था क्लास में भी पूरा अनुशासन था. बच्चे वहां पर पूरी तरह से क्लास में पढ़ते नजर आए.
- चित्तौड़ा का नोहरा बृजराजपुरा स्कूल में क्लासेस खाली पड़ी हुई थी और दो टीचर्स प्रिंसिपल के रूम में थे. एक टीचर बाहर घूम रहे थे. एक टीचर क्लास में मोबाइल का उपयोग कर रहे थे, इसलिए उनका मोबाइल जब्त कर लिया. इस स्कूल में 7 टीचर हैं, लेकिन तीन टीचर वहां नहीं थे और प्रिंसिपल भी नहीं थी. शेष के संबंध में जांच पड़ताल चल रही है कि वह छुट्टी पर हैं या कहां थे? दो टीचर्स के मोबाइल जब्त किए गए हैं.
- महावीर नगर थर्ड स्कूल में अव्यवस्थाएं थी. वहां पर टीचर लंच टाइम बता रहे थे, लेकिन लंच का समय पूरा हो गया था. बाहर टीचर बैठे थे. बच्चे अव्यवस्थित घूम रहे थे, लंच के बाद भी क्लासेस में बच्चे नहीं गए थे. क्लास में टीचर भी नहीं थे. टीचर्स की डायरियां भी उपलब्ध नहीं थी. वहां पर पीटीएम भी बुधवार को नहीं हुई थी, इसलिए प्रिंसिपल को नोटिस दिया गया है.




















