खैरथल : बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने बाजार में दो दर्जन से ज्यादा दुकानों के ताले तोड़कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना व्यापारियों को सुबह करीब 4 बजे लगी, जिसके बाद सभी मौके पर पहुंचे और पुलिस थाने में घटना की सूचना दी. इस सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई. थाना पुलिस के अनुसार क्षेत्र के विजय इंडस्ट्रियल के पास अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. अज्ञात बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
व्यापारियों की ओर से सूचना मिली कि क्षेत्र में दुकानों के ताले टूटे हैं. सूचना पर मौके पर जाप्ते के साथ पहुंचे और व्यापारियों से जानकारी जुटाई. सीसीटीवी फुटेज में बदमाश घूमते हुए दिखाई दिए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.
खैरथल मंडी व्यापार समिति के अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली क्षेत्र में विजय इंडस्ट्रीज के पास, ज्ञानानंद आश्रम, हरसोली रोड, नसीराबाद पुरानी मंडी क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने दो दर्जन से ज्यादा दुकानों के ताले तोड़ दिए और नगदी व सामान पार कर लिया. इस सूचना पर उन्होंने अन्य व्यापारियों को जानकारी दी और मौके पर पहुंचे.
उन्होंने कहा कि अभी व्यापारी अपनी दुकानों की सार संभल कर रहे हैं, इसके बाद कितना सामान व कितनी नगदी गायब हुई है, इसका पता लगेगा. स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस गस्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि देर रात क्षेत्र में एक साथ ताले टूटना गंभीर है. घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज में घटना को अंजाम देने वाले तीन बदमाश बेखौफ सड़कों पर घूमते हुए व वारदातों को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं.




















