अजमेर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में अशोक गहलोत और सचिन पायलट एक-दूसरे के विधायकों को अपनी ओर मिलाने के लिए होटलों में बैठे रहे और पांच साल तक एक-दूसरे को निकम्मा बताते रहे. इसके अलावा राठौड़ ने कांग्रेस पर दोहरी मानसिकता रखने, स्पीकर के प्रति अनुचित टिप्पणी करने और पाकिस्तान के मामले में नरम रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया. साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए महंगाई कम होने का दावा किया और कहा कि अमेरिकी टैरिफ का तोड़ ‘वोकल फॉर लोकल’ के रूप में निकाल लिया गया है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने मंगलवार को अजमेर में बातचीत में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की ओर से विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर की गई टिप्पणी पर कहा कि राजनीति में पहले आपस में बहस की जाती थी. अब स्तर गिर रहा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी के ‘मोदी’ सरनेम पर भी अशोभनीय टिप्पणी की थी. मोदी की माताजी को लेकर अभद्र टिप्पणी की, एक बार मिमिक्री भी की. यह उनकी हताशा का प्रतीक है.
वासुदेव देवनानी के खिलाफ पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने टिप्पणी की वह निंदनीय है. स्पीकर पक्ष और विपक्ष का संरक्षक होता है. विपक्ष कह रहा है कि कैमरा लगाकर निजता का हरण किया जा रहा है, जबकि किसी भी व्यक्ति के विधायक बनने के बाद उसका व्यक्तिगत जीवन नहीं रहता है, वह सार्वजनिक जीवन जी रहा है. राठौड़ ने कहा कि विधानसभा में अब कोई नए कैमरे नहीं लगे हैं, बल्कि विधानसभा बनने के बाद से ही कैमरे लगे हुए हैं. अशोक गहलोत तीन बार सीएम रहे हैं, तब क्यों नहीं कहा गया कि कैमरे विधानसभा में लगे हुए हैं. कांग्रेस को अपना दृष्टिकोण स्पष्ट रखना चाहिए.
पाकिस्तान को लेकर कांग्रेस का दृष्टिकोण स्पष्ट नहीं: राठौड़ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी ने पुलवामा आतंकी हमले का बदला ले लिया. उन्होंने आम जनता को जागरूक करने का प्रयास भी किया. भाजपा कभी नहीं चाहती कि दुश्मन देश से सुधार न आने तक हाथ मिलाया जाए, लेकिन इस मामले में कांग्रेस के लोगों की दोहरी मानसिकता भी सामने आई है. कांग्रेस के नेताओं ने पहले कहा था कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए, जब क्रिकेट मैच भारत-पाकिस्तान के बीच हुआ तो अब कह रहे हैं कि मैच क्यों हुआ?. कांग्रेस को अपना दृष्टिकोण स्पष्ट रखना चाहिए. पाकिस्तान के जलसंधि के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ ने कहा कि पानी हमारा था और 75 फीसदी पानी पाकिस्तान जा रहा था. उसके बावजूद पाकिस्तान हमें आंख दिखा रहा था. वह अपने यहां आतंकी फैक्ट्री चलाकर हमारे देश में आतंकवादी भेजता है तो फिर हम उसे पानी क्यों दें? पाकिस्तान से सिंधु जलसंधि कोई स्थाई समझौता नहीं था.
महंगाई दर होगी कम: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आने के बाद दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है. वहीं, भारत में आंतरिक और बाह्य सुरक्षा मजबूत हुई है. राठौड़ ने कहा कि पहले बाहर के मुल्कों से कर्ज लेने के लिए जाया करते थे, लेकिन अब देश कर्ज देने की स्थिति में आया है. देश में महंगाई दर 2.8 से घटकर 2.1 हो गई है. 22 सितंबर के बाद विभिन्न उत्पादों पर जीएसटी की दर कम होने से महंगाई दर 1 फीसदी आ सकती है.
टैरिफ का तोड़ ‘वोकल फॉर लोकल’: राठौड़ ने कहा कि अमेरिका ने टैरिफ बढ़ाया तो विपक्ष के लोग जवाबी हमले कर रहे थे, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने उनकी परवाह नहीं की, बल्कि अमेरिका के टैरिफ का विकल्प ढूंढ लिया. स्थानीय उत्पादों को महत्व देने में पीएम नरेंद्र मोदी ने काफी बदलाव किए. ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा दिया. उन्होंने कहा कि अमेरिकी टैरिफ का असर वहां के नागरिकों पर भी पड़ेगा, यदि यहां से 10 रुपए की दवा वहां गई है और उसपर 50 फीसदी इम्पोर्ट ड्यूटी अमेरिका ने लगाई है, तो वह दवा अमेरिकी नागरिक को 15 रुपए में पड़ेगी. पीएम नरेंद्र मोदी ने इसका भी तोड़ निकाला और दुनिया के अन्य देशों में जाकर वहां बाजार खोज लिए. इससे देश के उद्यमियों को भी राहत मिली है.




















