जोधपुर : शहर के बाहरी इलाके में सोमवार सुबह एक प्रॉपर्टी व्यवसायी पर दो युवकों ने फायरिंग कर दी. इस घटना में व्यवसायी घायल हो गया. उसके पांव में गोली लगी है और उसका मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार चल रहा है. एडीसीपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी की पहचान हुई है. आरोपी अपनी गाड़ी घटना स्थल पर ही छोड़ कर भाग गए थे. उनकी तलाश की जा रही. घायल नाथूराम प्रजापत का उपचार चल रहा है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झालामंड क्षेत्र निवासी नाथूराम प्रजापत प्रॉपर्टी व्यवसायी है. उसका फिटकासनी निवासी रवि विश्नोई के साथ करीब चार महीने पहले झगड़ा हुआ था. इसका बदला लेने के लिए रवि तलाश में था. रविवार रात को रवि ने उसकी गाड़ी के कांच फोड़ दिए थे. इसके बाद आपस में बहस हुई. इस पर रवि विश्नोई ने नाथूराम और उसके बेटों को सामने आने का चैलेंज दिया, जिसके चलते वे सोमवार सुबह झालामंड गांव से गौरा होटल के पास गए. यहां रवि और उसका साथी पहले से मौजूद थे.
यहां भी उनकी आपस में कहासुनी हुई. इसके बाद धक्का मुक्की के दौरान रवि ने अपनी कमर में छुपाए कट्टे से फायर किया. गोली नाथूराम के पैर में लगी. गोली मारने के बाद रवि और उसके साथी मौके से अपनी गाड़ी छोड़ कर भाग गए. नाथूराम को उसके बेटे ने घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचित किया. एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. रिंग रोड और गोरा होटल सहित फिटकासनी फांटे के आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा ने इस घटना को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.




















