श्रीगंगानगर: जिले में राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी सामने आई. रविवार को पहली पारी की परीक्षा में प्रश्नपत्र बॉक्स की अदला-बदली से दो परीक्षा केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस अधीक्षक अमृत दुहन ने माना कि पेपर बदलने की स्थिति जरूर बनी, लेकिन प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सुरक्षित रही. यह पूरी स्थिति प्रश्नपत्र बॉक्स पर लेबल कोड में आई तकनीकी गलती के कारण हुई. परीक्षा के संचालन के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर मौजूद रही. सभी कार्रवाई नियमानुसार पूरी की गई. गड़बड़ी के बावजूद परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई.
दरअसल, तकनीकी गलती के चलते गुरुनानक खालसा स्कूल और एसजीएन खालसा कॉलेज के प्रश्नपत्र बॉक्स आपस में बदल गए. गड़बड़ी का खुलासा तब हुआ जब गुरुनानक खालसा स्कूल में 408 परीक्षार्थियों और एसजीएन खालसा कॉलेज में 600 परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र बांटे जाने लगे, लेकिन पेपर कम पड़ गए. परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्रों की कमी को रिजर्व पेपर से पूरा किया गया. बाद में नियमानुसार सीलिंग और वीडियोग्राफी प्रक्रिया पूरी कर अतिरिक्त पेपर दूसरे केंद्र भेजे गए. इस दौरान दोनों केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय से 20 मिनट देरी से शुरू हुई और परीक्षार्थियों को 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया.
बूंदी में रोडवेज बसों में नहीं मिली जगह: उधर, कांस्टेबल भर्ती परीक्षा रविवार को बूंदी जिले में सख्त सुरक्षा और निगरानी के बीच शांतिपूर्वक हुई. शहर के 10 केंद्रों पर पहली पारी में परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चली. पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा और एएसपी उमा शर्मा निगरानी रखे थे. थाना प्रभारियों और भारी जाप्ता तैनात किया. पहचान पत्र और कड़ी तलाशी के बाद उम्मीदवारों को अंदर जाने की अनुमति मिली. परीक्षा केंद्रों पर संदिग्ध सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर सख्त पाबंदी रही. परीक्षा के बाद शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर अव्यवस्था रही. हजारों परीक्षार्थियों के एक साथ पहुंचने से बसों में भारी भीड़ हो गई. पर्याप्त बसें नहीं होने से कई परीक्षार्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. अभ्यर्थियों ने व्यवस्था की पारदर्शिता पर संतोष जताया, लेकिन यातायात व्यवस्था को लेकर कड़ा रोष जताया.




















