अलवर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जिले के पिनान कस्बे में जेवीएनएल के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) के दलाल फूलसिंह को 17 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. एसीबी चौकी अलवर प्रथम की ओर से दलाल को रिश्वत लेते पकड़े जाने की भनक लगते ही इस मामले में लिप्त बताए जा रहे जीएसएस पिनान के जेईएन तेजसिंह मौके से फरार हो गया.
एसीबी की महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी को शिकायत मिली कि पिनान जीएसएस के जेईएन तेजसिंह ने परिवादी से मंदिर में बिजली चोरी का झूठा आरोप लगा रिश्वत मांगी. फरियादी ने एसीबी को बताया कि उनके घर के पास शिवजी का मंदिर है. इसमें उन्होंने अपने घर के इन्वर्टर से आम श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोशनी की व्यवस्था की थी. इस पर 10 सितंबर को जेईएन तेजसिंह उनके घर पहुंचा और आरोप लगाया कि मंदिर में बिना मीटर सीधा कनेक्शन जोड़ा है.
वीसीआर भरने की धमकी: रिपोर्ट के अनुसार, जेईएन तेजसिंह ने परिवादी को धमकाया कि 30 हजार रुपए तुरंत दो अन्यथा 1 लाख रुपए की वीसीआर भर दूंगा. आरोप है कि उसी समय जेईएन ने परिवादी से 5 हजार रुपए ले लिए. शेष 25 हजार रुपए अगले दिन तक लाने का दबाव डाला. परिवादी ने मामले की शिकायत एसीबी चौकी अलवर प्रथम को दी. सत्यापन के बाद एसीबी के उपमहानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन और चौकी प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई.
शुक्रवार को एसीबी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की और जेईएन के दलाल फूलसिंह को 17 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया. मुख्य आरोपी जेईएन कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया. एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी फूलसिंह से गहन पूछताछ की जा रही है. इस पूरे मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है.




















