अलवर: जिले के टहला थाना क्षेत्र अंतर्गत तेजाला स्टैंड पर शुक्रवार को तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद डंपर चालक डंपर के साथ फरार हो गया.
स्थानीय लोगों की सूचना पर टहला पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया. घटना की सूचना पर परिजनों के साथ स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है, जिसके चलते लोगों ने सड़क मार्ग जाम कर दिया. इस सूचना पर तहसीलदार प्रवीण चौधरी मौके पर पहुंचे.
टहला थानाअधिकारी रामस्वरूप ने बताया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत तेजाला स्टैंड पर दुर्घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी जुटाई. उन्होंने बताया कि डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई. मृतकों की शिनाख्त जगरूप व कमलेश निवासी ककराली- रामपुरा के रूप में हुई.
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर एंबुलेंस की सहायता से पोस्टमार्टम के लिए टहला सीएचसी पहुंचाया. फिलहाल, शव अस्पताल की मोर्चरी में रखे हैं. उन्होंने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर भोपाला का तिराहे पर सड़क मार्ग को जाम कर दिया.
टहला थाना अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना पर टहला तहसीलदार प्रवीण चौधरी भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों को समझाइश की जा रही है. स्थानीय लोग डंपर को पकड़ने की मांग पर अड़े हैं. थानाधिकारी ने बताया कि मौके पर राजगढ़ व टहला थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद है. दुर्घटना के बाद से फरार डंपर की तलाश की जा रही है.




















