जयपुर : राजस्थान में सियासी बयानबाजी का पारा गर्म है. प्रदेश भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़े का आयोजन होने जा रहा है. इसी कड़ी में गुरुवार को जयपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र में सेवा पखवाड़े की कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में शामिल होने पहुंचे राजस्थान प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्हें राष्ट्र विरोधी करार दिया. अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस एक ही एजेंडा है कि यहां राष्ट्र विरोधियों का समर्थन करें. राख से फिर खड़ी होने की बात करने वाली कांग्रेस समझ ले कि हम अब हम उसी राख से बर्तन मांजेंगे. राधामोहन दास ने कहा कि उपराष्ट्रपति के चुनाव को लेकर कहा कि अब तो राहुल गांधी को अपनी ही कांग्रेस में वोट चोर ढूंढना पड़ेगा. विधानसभा में कैमरों के जरिये हो रही जासूसी के आरोपों पर कहा कि आखिर ऐसा क्या है जिसे कांग्रेस छुपा रही है, आखिर क्यों डर रही है कांग्रेस ?
राष्ट्र विरोधी कांग्रेस : प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का एक ही एजेंडा है, वह देश. हमारा सिर्फ एक ही एजेंडा है देश हित मे काम करना. जो देश का नुकसान करेगा उसका हम विरोध करेंगे. जबकि कांग्रेस का भी एक ही झंडा है जो देश हितों के विरुद्ध होगा उसका वो समर्थन करेंगे. अग्रवाल ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी दल है और एक राष्ट्रीय दल का एजेंडा स्पष्ट होता है. हम भारत के हितों के लिए काम करने वाले लोग हैं, लेकिन कांग्रेस पाकिस्तान, चीन, बांग्लादेश, राष्ट्र विरोधी आतंकवाद का समर्थन में काम करने वाले लोग हैं. ये उनका अपना एजेंडा है. राधामोहन दास ने कहा कि हमारे लिए भारत के हित और भारत के नागरिकों के सिवाय कुछ नहीं है. यह तो देश का 140 करोड़ नागरिक जानते हैं.
कांग्रेस में वोट चोर : कांग्रेस के वोट चोर आरोपों पर राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि उपराष्ट्रपति का चुनाव हुआ है और एनडीए को बहुमत से ज्यादा वोट मिले, जबकि 15 वोट खराब भी हुए. अब यह चिंता तो राहुल गांधी को करनी पड़ेगी कौन हैं वह लोग जो उनके ही हैं, लेकिन उनकी पार्टी के प्रत्याशी को वोट नहीं देते हैं. एनडीए के प्रत्याशी को वोट करते हैं. अपना वोट जान बूझकर खराब भी कर देते हैं. अग्रवाल ने कहा कि अब अगर उन्हें वोट चोरी का आरोप लगाना है, तो अपने पार्टी के भीतर लगाना चाहिए. उन लोगों की पहचान करनी चाहिए जिन्होंने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार को समर्थन दिया. कांग्रेस के राख से उठने के सवाल पर कहा कि मोहनदास अग्रवाल ने कहा कि मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं कि कांग्रेस के नेता ये मान रहे हैं कि वह राख में मिल चुके है. हमारे देश मे राख का प्रयोग बर्तन बजाने के लिए होता है. हम उसी राख से बर्तन मांजेंगे.
क्या क्या छुपाना चाहती है कांग्रेस : कांग्रेस की ओर से राजस्थान विधानसभा में विधायकों की जासूसी के आरोपों पर प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि मैं राज्यसभा का सदस्य हूं. राज्यसभा में कैमरे लगे हैं, कैमरों का कंट्रोल राज्यसभा सेकेट्रट के पास होता है. आज का दौर टेक्नोलॉजी का है, डिजिटल का युग है. आखिर क्या छुपाना चाह रही है कांग्रेस ? ऐसा क्या कर रही है कांग्रेस जिसके सामने आने से डर रही है ? अग्रवाल ने कहा विधानसभा में कैमरों की मुझे जनकारी नही, लेकिन डर उसे लगता है जो कुछ छुपाती है.




















