सवाई माधोपुर : युवा नेता नरेश मीणा ने बुधवार को सवाई माधोपुर जिले के बड़ागांव, भाड़ोती गांव का दौरा किया. यहां नरेश मीना का लोगों ने भरपूर जोश खरोश से नरेश मीणा का स्वागत किया. इस अवसर पर डूंगरी बांध का विरोध कर रहे लोग भी नरेश मीना से मुखातिब हुए. वार्ता करते हुए नरेश मीणा ने डूंगरी बांध के मामले पर कहा कि ‘डूंगरी बांध को लेकर आप लोग बुलाओगे तो जरूर आऊंगा. सरकार डूंगरी बांध बनाना चाहती है, लेकिन आप ऐसा नहीं चाहते. दोनों पार्टियों के नेताओं से मिलने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो मुझे बुलाना.’
नरेश मीणा ने कहा कि डूंगरी बांध के विरोध में अगर उन्हें पुलिस की गोली भी खानी पड़ी तो वे यहां के लोगों से पहले पुलिस की गोली खाने को तैयार हैं. किसी भी सूरत में वे डूंगरी बांध के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगने देंगे. नरेश मीणा बुधवार रात सवाई माधोपुर जिले के बनोटा गांव भी पहुंचे. यहां उन्होंने बनोटा गांव में रामदेव जी महाराज के मेले के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत की. इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को युवा नेता नरेश मीणा ने संबोधित किया. जनसमूह को संबोधित करते हुए नरेश मीणा ने भाजपा पर करारे प्रहार किए. उनका कहना था कि भाजपा के राज में दलितों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं. कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं.
सवाई माधोपुर जिले में प्रस्तावित पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना के अंतर्गत डूंगरी बांध के मामले पर नरेश मीणा ने कहा कि डूंगरी बांध को किसी भी सूरत में बनने नहीं दिया जाएगा. आगामी 21 सितंबर को जिले के चकेरी गांव में आयोजित होने वाली महापंचायत में वो शिरकत करेंगे. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने और सरकार को सीधे चुनौती देने की अपील की है.
बता दें कि राजस्थान में उपचुनाव के मतदान के दौरान देवली-उनियारा सीट से कांग्रेस के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने एसडीएम को थप्पड़ मारा था. इसके बाद वो चर्चा में आए थे.




















