बूंदी: नेपाल में भड़की हिंसा को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मोदी सरकार और प्रदेश की भजनलाल सरकार पर तीखे हमले किए. डोटासरा ने कहा कि पड़ोसी देशों नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका में जनता की आवाज को दबाने की कोशिशों का परिणाम यह हुआ कि वहां लोग सड़कों पर उतर आए और सरकारें संकट में पड़ गईं. उन्होंने कहा कि नेपाल में तो स्थिति इतनी गंभीर हुई कि प्रधानमंत्री को देश छोड़कर भागना पड़ा.
डोटासरा ने चेतावनी दी कि भारत में भी यदि तानाशाही जारी रही और जनता की आवाज को दबाने का सिलसिला नहीं रुका, तो यहां भी व्यापक आक्रोश उत्पन्न हो सकता है. डोटासरा ने कहा, “सरकारों को चाहिए कि जनता की आवाज सुने, उनके काम करे और संवेदनशीलता दिखाए, लेकिन आज स्थिति इसके उलट है. सत्ता में बैठे लोग जनता की समस्याओं को सुनने की बजाय अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं, यही चिंता का विषय है.”
सीएम और पीएम पर निशाना: डोटासरा ने आरोप लगाया कि नेपाल में फंसे राजस्थान के करीब 4 हजार लोगों की कोई सुध नहीं ली गई. उन्होंने कहा कि न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोई कदम उठाया और न ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने महज औपचारिक ट्वीट कर जिम्मेदारी निभाने का दिखावा किया, न किसी अधिकारी से संवाद किया और न ही राहत कार्यों को लेकर कोई ठोस प्रयास किए. डोटासरा ने कहा, “देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुखिया दोनों की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है. जनता की जान पर बन आई और उन्हें चिंता तक नहीं.”
किसानों की दुर्दशा पर हमला: डोटासरा ने प्रदेश की स्थितियों पर भी भजनलाल सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि राजस्थान के किसान आज सबसे ज्यादा संकट में हैं. भारी बारिश और आपदाओं से फसलें नष्ट हो गईं, लेकिन सरकार ने कोई राहत देने की पहल नहीं की. डोटासरा ने कहा, “किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है. उनकी परेशानियों पर ध्यान देने की बजाय सरकार बेरुखी दिखा रही है. नगर निगमों में विकास कार्य ठप पड़े हैं, भ्रष्टाचार चरम पर है और प्रदेश में पर्ची सरकार चल रही है, जहां बिना ‘पर्ची’ कोई काम नहीं होता. बीजेपी के विधायक भी हाशिये पर हैं, उनकी बात तक कोई नहीं सुनता. ऐसे में जनता को न्याय कौन देगा?” डोटासरा ने कहा कि इसी कारण कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बुलंद करने के लिए सड़क पर उतर आई है और कोटा में आक्रोश रैली का आयोजन किया गया है.
आंदोलन की तैयारी: जयपुर से कोटा जाते समय डोटासरा ने ईटीवी भारत से बातचीत में कहा कि जनता के आक्रोश को अब दबाया नहीं जा सकता. कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन की तैयारी कर रही है. उन्होंने कहा कि कोटा में आयोजित आक्रोश रैली में हजारों की संख्या में किसान, युवा और आमजन शामिल होंगे. उन्होंने कहा, “जनता अब चुप नहीं बैठेगी. चाहे किसान हों, युवा हों या मजदूर, हर कोई परेशान है. रोजगार नहीं है, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और प्रशासन पूरी तरह नाकाम है. सरकार को समझ लेना चाहिए कि जनता की ताकत सबसे ऊपर है.”
कोटा जाते समय रास्ते में खेड़ा का बालाजी पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डोटासरा का भव्य स्वागत किया. ढोल-नगाड़ों की थाप और फूल-मालाओं से गूंजते स्वागत में डोटासरा ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि यह ऊर्जा ही कांग्रेस की असली ताकत है. उन्होंने कहा कि यही उत्साह पार्टी को जनता की समस्याओं को उठाने के लिए प्रेरित करता है और संघर्ष को मजबूत बनाता है. इस दौरान डोटासरा ने दोहराया कि जनता की आवाज अब दबाई नहीं जाएगी और कांग्रेस इस लड़ाई में साथ खड़ी रहेगी.




















