बहरोड़: जिले के नीमराणा में बुधवार दोपहर एक किन्नर की हत्या कर दी गई. वह त्योहार की बधाई लेने अपने साथियों के साथ नीमराणा गई हुई थी. उसी समय बाइक से आए एक बदमाश ने उसे गोली मार दी. वह अपने समाज की गुरु भी थी. वारदात के बाद किन्नर समाज ने हंगामा खड़ा कर दिया. पुलिस ने उन्हें समझाइश कर शांत किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
अतिरिक्त अधीक्षक एसपी शालिनी राज ने बताया कि बुधवार दोपहर को फोन के जरिए सूचना मिली कि मोल्हाड़िया गांव के पास मधु शर्मा नामक किन्नर को गोली मार दी है. इस पर पुलिस मौके पर पहुंची. घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई.
इस जांच में सामने आया कि मधु अपने साथियों के साथ नीमराणा के औद्योगिक क्षेत्र में बधाई लेने गई हुई थीं. वह अपने समाज की गुरु भी थी. घटना के समय मधु किन्नर पेड़ के नीचे गाड़ी में बैठी थी. तभी बाइक पर सवार आए बदमाश ने उनके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. मधु को गंभीर अवस्था में नीमराणा के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शव को नीमराणा सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया.
किन्नर समाज के लोगों ने किया हंगामा: घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग सीएचसी गेट पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर हंगामा करने लगे. माहौल तनावपूर्ण होने के बाद शाहजहांपुर, मांढण और नीमराणा से अलग से पुलिस जाप्ता मंगाया गया. नीमराणा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी राज व डीएसपी सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे. उन्होंने किन्नर समाज को समझाया और हालात काबू में करने का प्रयास किया. पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है.




















