बीकानेर : बुधवार तड़के फिरौती की मांग को लेकर एक व्यापारी के घर फायरिंग का मामला सामने आया है. शहर के पॉश इलाके सादुलगंज में सुबह 4.27 बजे फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. फिलहाल पुलिस मौके पर पूछताछ कर रही है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. बाइक सवार युवकों का पता लगाया जा रहा है.
रोहित गोदारा का नाम : दरअसल, सादुलगंज में सुखदेव चायल और धनपत चायल दोनों भाई अपने परिवार के साथ रहते हैं. कांग्रेस नेता धनपत राय ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास व्हाट्सएप पर कॉल आया था और कॉल करने वाले ने अपने आप को रोहित गोदारा बताया और 5 करोड़ की फिरौती मांगी. नहीं देने पर धमकी दी. इस पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई थी और पुलिस भी इस पर काम कर रही थी. आज सुबह जब सब लोग घर में सो रहे थे तो बाहर दो व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आए और फायरिंग की, जिसमें 6 से 7 राउंड फायरिंग के निशान दिख रहे हैं.
2 दिन पहले पुलिस ने पकड़े थे दो लोग : पुलिस ने 2 दिन पहले दो लोगों को गिरफ्तार किया था और उनसे पिस्टल भी बरामद की थी. पूछताछ में सामने आया था कि बीकानेर में फिरौती की किसी वारदात को लेकर यह लोग सक्रिय थे. ऐसे में उनकी गिरफ्तारी के बाद घटना होने के बाद पुलिस भी कई एंगल से जांच कर रही है.




















