एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे सी.पी. राधाकृष्णन भारत के नए उपराष्ट्रपति चुने गए हैं. राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि उन्हें 452 प्रथम वरीयता मत मिले. वहीं विपक्ष के उम्मीदवार जस्टिस सुदर्शन रेड्डी को 300 प्रथम वरीयता मत प्राप्त हुए. इस तरह स्पष्ट अंतर से राधाकृष्णन की जीत पक्की हुई. राधाकृष्णन के नामांकन के बाद से ही एनडीए खेमे का पलड़ा भारी माना जा रहा था. उनके चुने जाने के साथ ही अब वे राज्यसभा के सभापति पद की जिम्मेदारी भी संभालेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा, ‘सी.पी. राधाकृष्णन जी को 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव में विजयी होने पर बधाई. उनका जीवन सदैव समाज सेवा और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है. मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे.’
बीजेपी के सभी सांसद मंगलवार रात करीब 9.30 बजे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के आवास पर मिलेंगे. वे यहां नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करेंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राधाकृष्णन को बधाई देने पहुंचेंगे
नतीजों के बाद विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी ने कहा, ‘हमारे महान गणराज्य की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में अटूट विश्वास के साथ मैं विनम्रतापूर्वक परिणाम स्वीकार करता हूं.’ उन्होंने लिखा कि ‘हालांकि परिणाम मेरे पक्ष में नहीं है, लेकिन वैचारिक संघर्ष और भी जोरदार तरीके से जारी है.’




















