जोधपुर: फलोदी जिले के बाप थाना क्षेत्र के भड़ला में सोलर पर सिक्योरिटी का काम करने वाले लोगों द्वारा चोरी के शक में युवकों का पीछा कर जैसलमेर की सरहद में मारपीट करने के मामले में फलोदी पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने जब युवकों के साथ मारपीट की थी, उस दौरान उसका वीडियो भी बनाया था. जिसमें वह जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनके साथ बुरी तरह से मारपीट करते नजर आ रहे हैं.
मारपीट का यह वीडियो वायरल होने के बाद बाप थाना क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया है. 6 सितंबर की रात सोलर प्लांट के सिक्योरिटी गार्ड ने चोरी के शक में कुछ युवकों का पीछा कर उन्हें पकड़ा और उनके साथ मारपीट की. उन्हें देर तक बंधक बनाए रखा था. इसके बाद उन्हें थाने लेकर आए थे. इस घटना का वीडियो वायरल हो गया.
पुलिस अधीक्षक कुंदन कवरिया ने बताया कि 8 सितंबर को इस घटना को लेकर पीड़ित गेनाराम और मदनलाल ने रिपोर्ट दी थी कि वह अपने गांव जैसलमेर जिले के रोला की तरफ जा रहे थे. इस दौरान 8 लोगों ने उनका पीछा कर पकड़ा और उनके साथ अमानवीय तरीके से मारपीट की. जाति सूचक शब्दों से प्रताड़ित किया. इस घटना की जांच की जिम्मेदारी अचल सिंह देवड़ा को दी गई. दो युवकों के साथ गारपीट करने, जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने तथा वीडियो वायरल होने के प्रकरण में शामिल आरोपी जयराज सिंह, विजय सिंह, सुमेर सिंह, कुलदीप सिंह व भवानी सिंह को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार व एक एसयूवी गाड़ी सीज की गई है. आरोपियों ने पूछताछ में चोरी के संदेह में पीड़ित युवकों के साथ मारपीट करना स्वीकार किया है. गहनता से पूछताछ जारी है.
धरना-प्रदर्शन शुरू, पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप : पुलिस ने इस मामले में पांच आरिपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस बीच बाप क्षेत्र में धरने शुरू हो गए हैं. लोगों की मांग है कि सोलर कंपनी अपना सिक्योरिटी का काम बदले. बताया जा रहा है कि घटना के बाद जब आरोपी युवकों को लेकर थाने गए, उस समय ही पुलिस को उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लेना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.




















