बाड़मेर : भारी बारिश की चेतावनी के बाद राजस्थान के रेगिस्तानी इलाके बाड़मेर में जमकर बारिश हुई. इससे कई गांवों में जल भराव की स्थिति बनी हुई है. लूणी नदी में जल स्तर लगातार बढ़ रहा है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लूणी नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा है.
आज बारिश का यलो अलर्ट : मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार को भी जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. कलेक्टर टीना डाबी ने स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों में मंगलवार को भी अवकाश घोषित कर दिया है. शुक्रवार से लगातार रुक-रुक कर बारिश का दौर चल रहा है. हालांकि मंगलवार सुबह से बारिश का दौर थमा हुआ लेकिन आसमान में बदल छाए हुए है और ठंडी हवाएं चल रही है.
सेना की मदद से पानी में फंसे लोगों को किया रेस्क्यू : बाखासर के नवापुरा के दासोरिया गांव फंसे सभी 15 पशुपालकों को देर रात 12 बजे तक सुरक्षित निकाल दिया गया. इनके सहित कुल 21 लोगों को सेना के जवानों ने एसडीआरएफ की टीमों के साथ मिलकर लोगों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला. इस दौरान सेना में जवानों के अलावा एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई, डिप्टी जीवणलाल खत्री, ग्रामसेवक गोपालराम, पटवारी हंसराज मीणा, हेमाराम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.
बाड़मेर में आज विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में अवकाश रहेगा : जिले में मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी एवं पिछले तीन – चार दिनों से हो रही बारिश के मद्देनजर मंगलवार को जिला कलक्टर टीना डाबी ने समस्त विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया है. जिला कलक्टर टीना डाबी ने बताया कि एहतियात के तौर पर 9 सितम्बर को बाड़मेर जिले के समस्त सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया गया है. जबकि इस दौरान संबंधित स्टाफ को विद्यालय में उपस्थित होना होगा. उल्लेखनीय है कि सोमवार को भी समस्त विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया था.
आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील : जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिला कलक्टर टीना डाबी ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. जिला कलक्टर टीना डाबी ने बताया कि जिले में बारिश का दौर चल रहा है. ऐसे में नदी-नालों में पानी की आवक बढ़ने लगी है. उन्होंने आमजन से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील करते हुए बताया कि जिला प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. आपदा प्रबंधन के लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने आमजन से सतर्क रहकर सुरक्षित रहने का अनुरोध किया है.




















