बाड़मेर: जिले के भूरटीया गांव की बेटी सुशीला कुमारी ने कमाल कर दिखाया है. 12 सितंबर से चीन में होने वाले एशिया कप अंडर-18 गर्ल्स रग्बी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की खिलाड़ी के रूप में सुशीला देश का प्रतिनिधित्व करेगी. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सामाजिक कार्यकर्ता व राजीविका स्टेट ब्रांड एंबेसडर डॉ. रूमा देवी ने सुशीला के गांव भुरटिया पहुंचकर बधाई देते हुए ‘रूमा देवी सुगणी देवी अक्षरा छात्रवृत्ति’ के तहत 50 हजार रुपये की राशि भेंट कर सम्मानित किया.
रूमा देवी ने कहा कि जब हमारी बेटियां सपनों की उड़ान भरती हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करती हैं, तो यह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनती है. सुशीला जैसी प्रतिभाएं दूसरी बेटियों को भी आगे बढ़ने का हौसला देती हैं. उन्होंने सुशीला के माता-पिता, दादा-दादी और परिवार का भी विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनका सहयोग और प्रोत्साहन समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण है. सुशीला के दादा रूपाराम ने कहा कि पहले हम लड़कियों को खेलने बाहर भेजने से डरते थे. लेकिन सुशीला खेल के लिए जिद पर अड़ी रही और आखिर उसने जिले व प्रदेश का नाम रोशन कर अब देश के लिए खेलने जा रही है.
सुशीला के कोच कौशलाराम विरट ने कहा कि सुशीला के परिवार में कोई सरकारी सेवा या व्यापार व्यवसाय में नहीं है. ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने में रूमा देवी फाउंडेशन की यह पहल युवा खिलाड़ियों के लिए संजीवनी साबित होगी. फाउंडेशन की कमला कुमारी ने बताया कि यह छात्रवृति सालाना है इसलिए आगे भी सुशीला इसका लाभ प्राप्त कर अपने हुनर को निखार सकती है. इस मौके पर रूपाराम खोथ, भावना कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता डालूराम जाखड़, ग्राम विकास अधिकारी हनुमान राम, वागाराम, जगदीश कुमार और कमला कुमारी उपस्थित रहे.




















