जयपुर: सेंट्रल जेल में मोबाइल फोन और अन्य निषिद्ध सामग्री मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को जेल प्रशासन की ओर से अचानक सघन तलाशी अभियान चलाया गया. इस दौरान जेल के वार्ड नंबर 6, 9 और 11 से कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए. इनमें दो एंड्रॉयड और दो कीपैड फोन शामिल हैं. इसके अलावा डाटा केबल, जर्दे की पुड़िया सहित अन्य निषिद्ध सामग्री भी पकड़ी गई.
तलाशी के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत लाल कोठी थाने में मामला दर्ज कराया. थाने के हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद के अनुसार, जेल प्रहरी धर्मवीर सिंह की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए राजस्थान प्रिजन्स एक्ट (संशोधन 2015) की धारा 42 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. जांच की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद को सौंपी गई है और पुलिस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है.
पिछले 10 दिनों में तीसरी बार: हेड कांस्टेबल के अनुसार, पिछले दस दिनों में यह तीसरी बार है जब जयपुर सेंट्रल जेल से मोबाइल फोन बरामद हुए हैं. जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर जेल प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी.
जेल सुरक्षा पर सवाल और सख्त आदेश: कुछ समय पहले जेल डीजी ने जेल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सस्पेंड कर दिया था. साथ ही जेल में प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे. हाल ही में जेल में बंद कैदियों द्वारा मुख्यमंत्री सहित कई राजनेताओं को धमकियां दिए जाने के मामले भी सामने आए हैं. डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था.




















