अजमेर: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार से अजमेर के दौरे पर हैं. उन्होंने रविवार को मीडिया से खुलकर बात की. इसमें भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा. भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे की तारीफ की और कहा कि उनको भाजपा की नेचुरल चॉइस होना चाहिए था. साथ ही केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तंज कसा. गहलोत ने कहा कि भाजपा क्या देश में चीन और रूस की तरह एकतरफा चुनाव चाहती है. देश के बुद्धिजीवियों को चिंता है कि लोकतंत्र का क्या होगा? लोकतंत्र ने आम आदमी को वोट की ताकत दी. इसी वजह से गरीब, मजदूर, किसान का सम्मान है. यही वोट का अधिकार छीन लिया गया तो गरीब को नमस्ते का जवाब भी नहीं मिलेगा. गहलोत ने कहा कि भाजपा ने हिंदू राष्ट्र कहते-कहते देश में भय का माहौल बना दिया.
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने रविवार को प्रेस वार्ता में कहा कि धर्मनिरपेक्षता भारत की खूबसूरती है. इंदिरा गांधी ने जान दे दी, लेकिन देश के टुकड़े नहीं होने दिए. राजीव गांधी शहीद हो गए. वर्तमान में मुल्क के भय का माहौल है. हर विपक्षी नेता को लगता है कि कहीं फोन टेप तो नहीं हो रहा. मुल्क में ऐसा ही माहौल रहा तो सामाजिक एकता और सद्भाव की परंपरा नहीं रहेगी. मुल्क में विकट हालात के कारण राहुल गांधी लोकतंत्र बचाओ की बात कर रहे हैं. देशवासियों को भी सत्तारूढ़ दल और विपक्ष की बातों पर चिंतन और मनन करना चाहिए. यह सोच रखें कि देश में सभी धर्म जाति के लोग प्रेम और सद्भाव के साथ रहें.
संघ पर तंज: गहलोत ने तंज कसा कि देश में आरएसएस और भाजपा का राज है. इन्होंने चाल, चरित्र, चेहरा का पहले नारा दिया था. अब उनकी चाल कहां गई, चेहरे कौनसे आ गए और चरित्र क्या है, यह सब देख रहे हैं. भाजपा और संघ के हाईकमान के पास फीडबैक आता होगा तो इन्हें भी मालूम होगा कि उनके कार्यकर्ता किस प्रकार का व्यवहार समाज और ब्यूरोक्रेसी के साथ कर रहे हैं.
नेचुरल चॉइस राजे होनी चाहिए: भाजपा नेता व पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को लेकर किए सवाल पर गहलोत ने कहा कि भाजपा वसुंधरा को मौका नहीं दे रही है. इसका हमें दुख है. राजे अनुभवी हैं और उन्हें मौका क्यों नहीं मिल रहा है? भाजपा की नेचुरल चॉइस वसुंधरा राजे होनी चाहिए थी, लेकिन वे नेचुरल चॉइस बीजेपी की नहीं है तो उसमें मैं क्या कर सकता हूं.
ईवीएम रहेगी तब तक वोट चोरी की आशंका: गहलोत ने कहा कि देश में ईवीएम रहेगी तब तक वोट चोरी की आशंका रहेगी. ईवीएम षड्यंत्र का हिस्सा है. कहीं जीता दो कहीं हरा दो. जब इंग्लैंड, अमेरिका, जर्मनी आदि विकसित देशों में पेपर बैलट से वोटिंग हो सकती है तो हमारे यहां क्या दिक्कत है? वोट चोरी की आशंका समाप्त करने का जिम्मा सरकार और चुनाव आयोग का है. ये दोनों अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे. वन स्टेट वन इलेक्शन पर गहलोत बोले- अभी तक केवल सुनते आए हैं. सरकार इलेक्शन करवा कहां पा रही है.
राहत पैकेज मांगा: बोराज तालाब की पाल टूटने से स्वास्तिक नगर में 80 घरों पर आफत को लेकर गहलोत ने कहा कि पहली बार देखा कि विपक्ष के नेता लोगों का दर्द सुनने गए तो भाजपा के लोग जनता को भड़का रहे थे. मेरे वहां जाने पर उन्हें समझाया तो लोगों को समझ में आ गया. लोगों ने बताया कि कोई भी भाजपा नेता उनकी सुध लेने नहीं आया. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का प्रभावित क्षेत्र का दौरा कैसा रहा, यह सब जानते हैं. स्वास्तिक नगर के लोगों के वास्तविक नुकसान को सर्वे में शामिल कर सरकार से राहत पैकेज की मांग की.




















