भरतपुर: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने रविवार को भरतपुर दौरे पर कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया क्या, पूरे ब्रह्मांड में कांग्रेस पार्टी एक रजिस्टर्ड चोर है. कांग्रेस ने हर लिहाज से इतनी चोरी की है. आकाश, पाताल और जमीन कुछ नहीं छोड़ा. राशन से लेकर स्पेक्ट्रम तक क्या नहीं लूटा? यही वजह है कि भारत की जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया.
मोदी सरकार को बताया ऐतिहासिक : पूनिया ने कहा कि बीते 11 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बेहतरीन काम किया है. भारत आज अंतरिक्ष तक में अग्रणी है. जितने बड़े बदलाव देश में आए हैं, वे मोदी जी के नेतृत्व में ही संभव हुए हैं. उन्होंने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने 55 वर्षों के शासन में देश को कुछ नहीं दिया. विपक्ष में रहते हुए भी कांग्रेस जनता का विश्वास नहीं जीत पाई. राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत के लोकतंत्र और संविधान पर सवाल उठाते हैं. पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ नैरेटिव बनाने की उनकी कोशिश कभी सफल नहीं होगी. बेहतर होगा कि राहुल कांग्रेस को पुनर्जीवित करने का प्रयास करें और यदि ऐसा नहीं कर पा रहे हैं तो हमें ठेका ही दे दें.
एसआई भर्ती प्रकरण पर बयान : राजस्थान में एसआई भर्ती घोटाले को लेकर पूछे गए सवाल पर पूनिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराई. यह सब कांग्रेस राज में हुआ. हमारी सरकार ने आते ही एसओजी से जांच कराई और दोषियों को जेल भेजा. अब थोड़ा इंतजार करना चाहिए, सरकार की नीयत पूरी तरह सही है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा न तो अशोक गहलोत की मर्जी से मुख्यमंत्री बने हैं और न ही किसी और के कहने से. उन्हें भाजपा विधायकों ने चुना है. राजस्थान की जनता ने जनादेश दिया है. गहलोत तो दिन में सपने देखते हैं और उन्हें लगता होगा कि काश मैं मुख्यमंत्री होता. बेहतर है कि वो थोड़ा भजन करें और लंबा जीवन जीएं.
अंतर्कलह का मॉडल कांग्रेस ने बनाया : भाजपा में अंतर्कलह को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए पूनिया ने कहा कि मुझे अंतर्कलह का इतना ही मतलब समझ आता है अपनी ही पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष को हटाना, उपमुख्यमंत्री को हटाना, राजद्रोह का मुकदमा करना और विधायकों की बाड़ेबंदी करनी. कांग्रेस ने अंतर्कलह का एक मॉडल सेट कर दिया है. भाजपा पर आरोप लगाने वाले लोग दरअसल खिसियाहट में ऐसा कहते हैं.




















