सिरोही : जिले के आबूरोड रीको थाना क्षेत्र के डेरी रपट पर रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया. अम्बाजी से डेरी जा रही एक जीप अचानक रपट पर आए तेज बहाव में बह गई और सीधे नदी के गड्ढे में जा गिरी. गनीमत रही कि हादसे के समय जीप में केवल चालक ही मौजूद था, जिसने किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफलता पाई.
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8 बजे जीप चालक देवाराम गरासिया अम्बाजी से अकेले डेरीफली गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान डेरी रपट पर पानी का बहाव अधिक होने से जीप नियंत्रण खो बैठी और बहकर करीब 70 फीट दूर नदी के गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद चालक ने बड़ी मुश्किल से बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही आबूरोड रीको थाना अंतर्गत छापरी चौकी से एसआई भवानी सिंह मय टीम मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से रस्से के सहारे जीप को बाहर निकाला गया. एसआई भवानी सिंह ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, चालक पूरी तरह सुरक्षित है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में डेरी रपट पर अक्सर पानी का बहाव तेज रहता है, जिसके चलते दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से रपट पर सुरक्षा व्यवस्था एवं चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके.
बारिश के दौरान हादसा, पुराना मकान धराशायी : इधर सिरोही शहर में रविवार को हुई तेज बारिश के बीच राठौड़ लाइन क्षेत्र में एक पुराना मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा. मकान गिरने से जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. हादसे में गिरे मलबे की चपेट में रोड पर खड़ी दो बाइक पूरी तरह दब गईं. गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन दल और नगरपरिषद की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत कार्य शुरू किया. JCB मशीन की मदद से मलबा हटाने का कार्य जारी है. अचानक हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है और लोग अब जर्जर मकानों को लेकर चिंतित हैं. नगरपरिषद ने ऐसे पुराने और जर्जर भवनों की सूची बनाने व समय पर हटाने की कार्रवाई तेज करने का आश्वासन दिया है.




















