अलवर: शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के गोलेटा गांव में शिक्षा के नाम पर धर्मांतरण कराने के आरोप में एक हॉस्टल पर पुलिस ने छापा मारा. यहां से दो लोगों को डिटेन किया. साथ ही धार्मिक किताबें जब्त किए. पुलिस हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ कर रही है. मौके पर पहुंचे विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारे लगाए.
उद्योग नगर थाना अधिकारी अजीत बड़सरा ने बताया कि गोलेटा की सैयद कॉलोनी स्थित हॉस्टल में धर्मांतरण की सूचना मिली. पुलिस ने हॉस्टल में दबिश देकर कार्यरत दो लोगों को डिटेन किया. इनसे पूछताछ की जा रही है. गोलेटा में एक निजी स्कूल के पीछे हॉस्टल में 12 से 15 साल के बच्चों को पढ़ाई के नाम पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था. इसमें एक व्यक्ति मिला, जिसका सीकर में धर्मांतरण मामले में नाम था और फिलहाल जमानत पर है. पुलिस प्रकरण की जांच कर वहां मिले लोगों से पूछताछ कर रही है.मौके से धार्मिक ग्रंथ व किताबें मिली.
धर्म के बारे में बच्चों को गुमराह करते: विहिप के महामंत्री बिजेन्द्र खंडेलवाल ने पुलिस में रिपोर्ट दी. इसमें आरोप लगाया कि बच्चों को धर्म के नाम पर गुमराह किया जा रहा था. वहीं, विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. रामदयाल मीणा ने आरोप लगाया कि बाहर के लोग यहां बच्चों का धर्मांतरण करा रहे हैं. मौके पर पहुंचे तो देखा कि विद्यालय के कई बच्चे 10-15 फीट ऊंची दीवार कूदकर भागने का प्रयास कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि इस विद्यालय में बच्चों को बाहर नहीं जाने देते और परिजन भी विद्यालय में ही आकर मिलते थे. मीणा ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर कुछ बच्चों को वहां से भगा भी दिया. उन्होंने पुलिस से धर्मांतरण की ऐसी घटनाओं पर रोक की मांग की.




















