जयपुर. पिछले डेढ़ साल से रिक्त चल रहे श्रीगंगानगर जिला प्रमुख के रिक्त पद पर अब उपचुनाव होंगे. राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए 11 सितंबर की तारीख तय की है. हाई कोर्ट के आदेश के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नलिनी कठौतिया ने इस संबंध में श्रीगंगानगर के कलक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर 11 सितंबर को उपचुनाव कराने के निर्देश दिए हैं.
पत्र में नलिनी कठौतिया ने लिखा है कि जोधपुर हाईकोर्ट ने आगामी आदेशों तक चुनाव स्थगित किए जाने वाली याचिका को 27 अगस्त 2025 को खारिज कर दिया था. अत:इस मामले में जिला प्रमुख के उपचुनाव को स्थगित की जाने से पूर्व की स्थिति से ही उपचुनाव की अग्रिम कार्रवाई के लिए 11 सितंबर 2025 निर्धारित की जाती है.
कुलदीप इंदौरा के सांसद बनने से रिक्त हुआ था जिला प्रमुख का पद : दरअसल श्रीगंगानगर के जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर श्रीगंगानगर से लोकसभा सांसद चुने गए थे. उसके बाद से ही यह पद रिक्त चल आ रहा है. हालांकि कांग्रेस ने कई बार सरकार पर जानबूझकर चुनाव नहीं करने के आरोप लगाए थे. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा कई बार इस मामले को उठा चुके हैं और सरकार पर चुनाव नहीं करने के आरोप लगा चुके हैं.
भरतपुर जिला प्रमुख का पद भी पौने दो साल से रिक्त : वहीं भरतपुर जिला प्रमुख का पद भी पौने दो साल से रिक्त है. भरतपुर के जिला प्रमुख रहे जगत सिंह साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में नदबई से विधायक चुने गए थे, तब से ही ये पद रिक्त चल रहा है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कई बार सरकार पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साध चुके है कि मुख्यमंत्री पौने दो साल में अपने गृह जिले में भी जिला प्रमुख का उपचुनाव नहीं करा पाए.




















