जोधपुर: अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर भोले-भाले लोगों को ठगने वाले शहर के एक कथित तांत्रिक बाबा का महिला के साथ अश्लील वीडियो सामने आया है. वीडियो में वह महिलाओं के साथ अश्लील हरकत करते दिखाई दे रहा था. वीडियो वायरल होने के बाद आक्रोशित लोग उसकी दुकान के आगे जमा होने लगे तो वह ताला लगाकर फरार हो गया. फिलहाल, किसी पीड़ित द्वारा थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, हालांकि पुलिस ऐहतियातन सक्रिय हो गई है. उसका उसका पता लगाया जा रहा है.
सदर बाजार थानाधिकारी माणक राम बिश्नोई ने बताया कि बाबा एक दुकान चलाता है. उसका एक वीडियो महिला के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसका विरोध किया. फिलहाल बाबा की तलाश की जा रही है. किसी भी पीड़ित द्वारा इस बारे में शिकायत नहीं दी गई है. वीडियो में महिला कौन है? इसका पता लगाया जा रहा है. आक्रोशित लोगों ने आरोप लगाया कि जिन महिलाओं की संतान नहीं होती है, तांत्रिक उन्हें झांसे में लेता है. वह खुद उदयमंदिर आसन क्षेत्र में रहता है. उसने यहां दुकान में एक ऑफिस खोल रखा है. महिलाएं अपनी समस्याओं का समाधान तंत्र-मंत्र से कराने के चक्कर में इसके चंगुल में फंसती हैं. इसी ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज वायरल हुआ है.
दो साल पुराना है वीडियो: पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो दिख रहा है, उनमें अप्रैल 2023 की तारीख नजर आ रही है. ऐसे में पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये वीडियो पुराने हैं या सीसीटीवी डीवीआर की तारीख में कोई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से ऐसी तारीख है. फिलहाल, पुलिस फरार हुए बाबा अफजल का पता लगाने में जुटी है.
पांच वीडियो आए सामने: कथित बाबा के पांच वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह महिलाओं के साथ पहले बातचीत कर रहा है और उसके बाद अश्लील हरकतें करता नजर आ रहा है. माना जा रहा है कि बाबा के इस ऑफिस में लगे सीसीटीवी से ही यह वीडियो बाहर आया है. इससे यह भी अंदाजा होता है कि वह ऐसी कई महिलाओं का उत्पीड़न कर चुका है, लेकिन उसके खिलाफ किसी ने आवाज नहीं उठाई.




















