जयपुर: अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा की ओर से मंगलवार को समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाने के लिए ‘युवा प्रेरणा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें युवाओं को ज्यादा से ज्यादा सरकारी सेवाओं में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया. इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से समाज के लोग आए.
महासभा के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने बताया कि समाज के युवाओं को आगे लाने के लिए ‘प्रेरणा और प्रयास से परिणाम तक’ कार्यक्रम का आज आयोजन किया गया है. समाज के युवाओं को मोटिवेट करने के लिए यह प्रयास किया गया है. इस कार्यक्रम में आईएएस डॉ समित शर्मा ने युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने और सफलता के सूत्र बताए. समाज के व्यवसायी राधे चोयल और आरएएस अधिकारी आशीष शर्मा ने भी युवाओं को मार्गदर्शन दिया.
बाधाओं को पार कर हासिल करें मुकाम: उन्होंने कहा कि समाज के बच्चे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तो करते हैं, लेकिन जो मुकाम वह हासिल करना चाहते हैं. वहां तक नहीं पहुंच पाते हैं. बीच में जो बाधाएं आती हैं, उन्हें कैसे दूर किया जाए. बच्चे उन बाधाओं को कैसे पार कर सकते हैं. उसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम किया गया है. ताकि प्रशासनिक सेवाओं में समाज के ज्यादा से ज्यादा बच्चे अच्छा मुकाम हासिल कर सकें.
प्रदेशभर से आए विद्यार्थी और अभिभावक: महामंत्री कैलाश शर्मा ने कहा कि युवा प्रेरणा सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों विद्यार्थी और उनके अभिभावक आज आए हैं. समाज के लोग भी बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में पहुंचे हैं. उन्होंने कहा, महासभा का ध्येय समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने का रहा है. उसी को आगे बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम किया गया. इसके साथ ही समाज के युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है. इसके साथ ही यह कार्यक्रम समाज के युवाओं का व्यक्तित्व निखारने में भी सहयोगी होगा.




















