अजमेर : जिले के किशनगढ़ जयपुर रोड हाईवे पर मंगलवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूल टूर से लौट रही बस और एक वीडियो कोच बस के बीच टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में करीब 7 स्कूली बच्चे, 2 से 3 स्टाफ सदस्य और एक मासूम बच्चा घायल हो गया. हादसा बांदर सिंदरी थाना क्षेत्र के पाटन गांव रोड पर हुआ, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तुरंत GVK एंबुलेंस की मदद से किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है.
अचानक हुई घटना से हाइवे पर अफरा तफरी का माहौल हो गया. बांदर सिंदरी थाना प्रभारी अमरचंद ने जानकारी देते हुए बताया कि पावटा स्थित रोयल एकेडमी स्कूल की बस में करीब 40 बच्चे सवार थे, जो चित्तौड़गढ़ से स्कूल टूर कर लौट रहे थे. चितौड़गढ़ क्षेत्र में स्कूल के बच्चे भ्रमण कर के बस से कोटपूतली पावटा जा रहे थे इस दौरान हुई दुर्घटना हुई.
स्कूल स्टाफ मोहन जांगिड़ ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब स्कूल बस के आगे चल रही वीडियो कोच बस ने अचानक ब्रेक लगाए. बस के चालक के पास रुकने का पर्याप्त समय नहीं था और तेज रफ़्तार के चलते स्कूल बस पीछे से कोच बस से टकरा गई. मौके पर पहुंची बांदर सिंदरी थाना पुलिस ने हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाया. बांदर सिंदरी थाना पुलिस कर रही है मामले की जांच।वही सभी घायलों का राजकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया चल रही है.




















