बीकानेर: बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा है. करीब 85 लाख रुपए कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. पंजाब में निर्मित यह शराब तस्करी के लिए गुजरात ले जाई जा रही थी. पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में शराब की पेटियों के ऊपर पशु आहार के बोरे रखे हुए थे. पुलिस ने करीब 920 अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद की है. मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में पूछताछ की जा रही है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी ने बताया कि ट्रक पंजाब से बीकानेर की तरफ आ रहा था. इस दौरान सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई और काफी देर तक ट्रक का पीछा करने के बाद उसे रोका गया. ट्रक चालक, बाड़मेर निवासी मनोहर सिंह को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस टीम की तत्परता से पकड़ा: तिवारी ने बताया कि नापासर थाना अधिकारी लक्ष्मण सुथार और कांस्टेबल रामकुमार भादू की तत्परता से पुलिस ने इस ट्रक को पकड़ने में सफलता हासिल की. ट्रक में भरी अंग्रेजी शराब की कीमत करीब 85 लाख रुपए बताई जा रही है. ट्रक को पकड़कर नापासर थाना लाया गया और जब उसे खाली करने का काम शुरू किया गया तो पता चला कि ट्रक में ऊपर पशु आहार के बोरे रखे हुए थे और नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियां रखी हुई थीं. इसे देखकर पुलिसकर्मी भी चौंक गए. दरअसल, शराब तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए कई बार अंग्रेजी शराब की पेटियों के ऊपर गेहूं, चावल और दूसरे सामान रख देते हैं ताकि तलाशी के दौरान पुलिस को भ्रमित किया जा सके.




















