जयपुर: राजधानी की सेंट्रल जेल में मोबाइल और सिम मिलने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. अब एक बंदी के पास मोबाइल और टूटी सिम मिलने का नया मामला सामने आया है. जेल में विचाराधीन बंदी के पास मोबाइल और टूटी सिम मिली. उसने मोबाइल और सिम बिस्तर में छुपा रखी थी. अचानक ली तलाशी में मोबाइल और सिम मिलने के बाद जेल प्रशासन ने लालकोठी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है. कुछ दिन पहले जेल में टॉयलेट के पास मोबाइल और सिम मिली थी.
लालकोठी थानाधिकारी बन्नालाल ने बताया कि जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. रिपोर्ट में बताया गया कि बैरक नंबर एक के चार नंबर वार्ड में विचाराधीन बंदी जयसिंह सैनी के पास सर्च अभियान के दौरान मोबाइल और टूटी सिम मिली है. उसने अपने बिस्तर में मोबाइल और सिम छुपाकर रखी थी. एसएचओ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है कि बंदी के पास जेल में मोबाइल कैसे पहुंचा. जिस बंदी के पास जेल में मोबाइल मिला है. वह नागौर का रहने वाला है.
पहले टॉयलेट के पास मिला था मोबाइल: जेल में मोबाइल-सिम मिलने का यह पहला मामला नहीं है. कुछ दिन पहले जेल में टॉयलेट के पास मोबाइल और सिम लावारिस हालत में मिले थे. इसे लेकर लालकोठी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था. उस मामले की भी लालकोठी थाना पुलिस जांच कर रही है. अब एक बार फिर जेल में मोबाइल मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले: प्रदेश की जेलों से कई बार बदमाशों की ओर से रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल करने के मामले सामने आते रहे हैं. इसके साथ ही जेल से मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी भरा कॉल करने का मामला भी सामने आया था. यह पहला मौका नहीं है. जब सेंट्रल जेल में मोबाइल और सिम मिली हो. इससे पहले भी कई बार तलाशी के दौरान जेल में मोबाइल और सिम मिल चुकी है. जेलकर्मियों की मिलीभगत का संदेह होने पर कई बार कर्मचारियों पर गाज भी गिर चुकी है.




















