जोधपुर: इंडोर और मोबाइल गेम के चलते बच्चों को राजस्थान का परंपरागत खेल अब लंगड़ी टांग (एक पैर पर चलकर खेलना) खेलते कम ही देखा जाता है. लंगड़ी टांग खेल को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर के रेलवे स्टेडियम में रोटरी क्लब संस्कार ने शनिवार को लंगड़ी एक्सप्रेस दौड़ रखी. इसमें 500 प्रतिभागी शामिल हुए. लंगडी टांग दौड़ देखने बड़ी संख्या में लोग जुटे. इसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी शामिल किया. उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी इसमें हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि ऐसे हेरिटेज स्पोर्ट्स को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे खेलों को आगे बढ़ाने का काम करेगी. खेल राज्यमंत्री केके विश्नोई ने आयोजन को सराहा.
दो रिकॉर्ड: रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर संस्कार की अध्यक्ष डॉ. विवाह भूत ने बताया कि इससे पहले 220 लोगों का एक साथ लंगडी दौड़ करने का रिकॉर्ड था. शनिवार को 500 से ज्यादा प्रतिभागी इसमें शामिल हुए. इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स के प्रतिनिधि डॉ. भुवनेश मथुरिया ने बताया कि ऐसे आयोजन हमारे सांस्कृतिक और पारंपरिक खेलों को आगे बढ़ाते हैं. आज 500 से ज्यादा लोगों ने एक साथ यह दौड़ की. इसके चलते इसे रिकॉर्ड्स बुक्स में शामिल किया गया. उप मुख्यमंत्री दीया और विधायक अतुल भंसाली ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने के लिए लंगड़ी दौड़ लगाई. उप मुख्यमंत्री दीया ने लंगडी टांग दौड़ में खेल राज्यमंत्री विश्नोई को पीछे छोड़ा. दीया कुमारी और विधायक भंसाली ने ये दौड़ पूरी भी की.
हेरिटेज स्पोर्ट्स को बचाना जरूरी: उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि यह हमारे राज्य का परंपरागत खेल है. ऐसे आयोजन से इन्हें पूरी दुनिया में जाना जाता है. बच्चों के लिए प्रधानमंत्री के निर्देश पर सांसद खेल उत्सव हो रहा है ताकि बच्चे खेलों की ओर आकर्षित हो सकें. दीया कुमारी ने कहा कि राजस्थान हेरिटेज की धरती है. ऐसे खेल भी हमारे हेरिटेज हैं, जिन्हें हमें मिलकर आगे बढ़ाना है. हमारे परंपरागत खेल पूरी दुनिया में धाक जमाएंगे. उन्होंने आयोजकों को इसके लिए धन्यवाद दिया.
घूमर का बनाएंगे वर्ल्ड रिकॉर्ड: उप मुख्यमंत्री दीया ने कहा कि राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग जल्दी पूरे राज्य में महिला संस्थान और संगठनों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर पारंपरिक नृत्य घूमर का आयोजन करेगा. इसके जरिए हम वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगे. राज्य भर से महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे.




















