झालावाड़: पुलिस की अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. गत एक सप्ताह में पुलिस ने करीब 12 तस्करों को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है. वहीं, पुलिस ने इनसे भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ स्मैक, गांजा व एमडीएमए की बरामदगी भी की है, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है.
पुलिस अब तस्करों की अवैध संपत्तियां चिह्नित कर बारी-बारी से ध्वस्त करने का कार्य कर रही है. गत दिनों गांजा की तस्करी के आरोप में पकड़े गए झालरापाटन निवासी तस्कर अनवर की अवैध संपत्ति पर पुलिस ने बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया. शहर की वसुंधरा कॉलोनी इलाके में तस्करी के आरोपी अनवर द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को शनिवार को बुलडोजर कार्रवाई कर ध्वस्त कर दिया गया.
एसपी अमित कुमार ने बताया कि गत दिनों पुलिस ने जिले के डग थाना क्षेत्र में लोहे के सरिए से भरे ट्रक से 103 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया था. इस मामले में पुलिस ने मादक पदार्थ से भरे ट्रक को एस्कॉर्ट करने के आरोप में झालरापाटन निवासी तस्कर अनवर को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी तस्कर अनवर ने झालरापाटन की वसुंधरा कॉलोनी में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया हुआ है. इस पर आज पुलिस-प्रशासन ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया.
एसपी ने कहा कि नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रखेगी. उन्होंने बताया कि हाल ही के दिनों में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करते हुए पकड़े गए तस्करों की अवैध संपत्तियों की जानकारी पुलिस के द्वारा जुटाई जा रही है. पुलिस आरोपियों के अवैध निर्माण को चिह्नित कर उन्हें जल्द ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगी.




















